FJCCI चुनाव : एजीएम में संथाल के मुद्दे को एजेंडे में शामिल नहीं करने पर हंगामा

रांची : फेडरेशन झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के चुनाव से एक दिन पहले शनिवार को चैंबर भवन में वार्षिक आमसभा (एजीएम) की बैठक हुई। बैठक में चैंबर के पूर्व अध्यक्ष, सचिव, वर्तमान पदाधिकारी और झारखंड के विभिन्न जिलों से आए सदस्य शामिल हुए। एजीएम में सालभर के आय-व्यय का लेखा-जोखा रखने के साथ विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जानी थी। हालांकि, बैठक शुरू होने के कुछ ही देर बाद संथाल परगना से आए व्यापारिक सदस्यों ने हंगामा शुरू कर दिया।
संथाल के सदस्यों का आरोप था कि उनके क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को एजीएम के एजेंडे में शामिल नहीं किया गया और उन्हें बैठक में उठाने की अनुमति भी नहीं दी जा रही है। इसको लेकर सदस्यों और चैंबर पदाधिकारियों के बीच काफी देर तक बहस हुई।
बैठक के बाद पूर्व अध्यक्ष किशोर मंत्री ने कहा कि संथाल परगना से आए सदस्यों ने एजीएम में हंगामा किया। उन्होंने कहा कि चैंबर के नियम के अनुसार किसी भी एजेंडे को बैठक से कम से कम सात दिन पहले भेजना होता है। संथाल क्षेत्र से निर्धारित समय के भीतर संबंधित एजेंडा नहीं भेजा गया, इसलिए उसे बैठक में शामिल नहीं किया जा सका।
वहीं, निवर्तमान अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि सचिव रोहित अग्रवाल की ओर से संबंधित रिपोर्ट समय पर नहीं भेजी गई, जिसके कारण मामला एजीएम के एजेंडे में नहीं आ पाया। इसी वजह से संथाल क्षेत्र के सदस्यों में नाराजगी हुई और उन्होंने हंगामा किया।
चैंबर के सदस्य प्रियंक भगत ने कहा कि एजीएम में इस तरह का हंगामा उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि इसकी जिम्मेदारी सचिव की है और चुनाव से ठीक पहले इस तरह की राजनीति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने आशंका जताई कि इसका असर चुनाव पर भी पड़ सकता है। चैंबर चुनाव में रविवार को करीब साढ़े तीन हजार मतदाताओं के मतदान करने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *