भर्ती परीक्षा में कथित गड़बड़ी के खिलाफ भाजपा का खूंटी में प्रदर्शन, सीबीआई जांच की मांग

खूंटी : जेपीएससी और जेएसएससी की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितता और प्रश्नपत्र लीक के आरोपों को लेकर भाजपा ने शुक्रवार को खूंटी में जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा जिला कमेटी के नेतृत्व में कचहरी मैदान से कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकाला। नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ता समाहरणालय पहुंचे, जहां धरना देकर राज्य सरकार के खिलाफ विरोध जताया। धरने के बाद भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपते हुए छात्रों पर दर्ज प्राथमिकी वापस लेने और पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “सेटिंग की गाड़ी छोड़, नौकरी कर गाड़ी चोर”, “सेट बेचना बंद करो”, “हेमंत सोरेन मुर्दाबाद” सहित कई नारे लगाए। भाजपा नेताओं ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में किसी भी तरह की अनियमितता सीधे तौर पर मेहनत कर रहे युवाओं के भविष्य को प्रभावित करती है। ऐसे में पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच जरूरी है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने हेमंत सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि दिन-रात मेहनत कर सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे झारखंड के युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में पूरी पारदर्शिता होनी चाहिए, ताकि योग्य युवाओं को उनका अधिकार मिल सके।
पूर्व मंत्री एवं प्रदेश उपाध्यक्ष नीलकंठ सिंह मुंडा ने भी कथित प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि 122 प्रश्नपत्र पहले ही लीक होने की बात सामने आई है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब छात्र झारखंड में रहकर परीक्षा की तैयारी कर रहे थे, तो परीक्षा के प्रश्न कथित तौर पर नेपाल और उत्तर प्रदेश तक पहले कैसे पहुंच गए।
भाजपा नेताओं ने छात्रों के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी वापस लेने की मांग करते हुए कहा कि युवाओं की आवाज दबाने के बजाय सरकार को परीक्षा व्यवस्था में सुधार और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।
प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा जिलाध्यक्ष आनंद कुमार ने किया। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल, जिला प्रभारी सुनीता सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष नीलकंठ सिंह मुंडा, पूर्व विधायक कोचे मुंडा, पूर्व जिलाध्यक्ष काशीनाथ महतो, चंद्रशेखर चौधरी, विजय राम गंजू, प्रसून मांझी, प्रियंक भगत, नगर पंचायत अध्यक्ष रानी टूटी, वार्ड पार्षद जूही प्रियंका चोपड़ा, रूपेश जायसवाल समेत बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *