झारखंड में उत्सव के रूप में मनाया जाएगा पीएम मोदी का जन्मदिन, 17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान : आदित्य साहू
रांची : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन और उनके सार्वजनिक जीवन में जनसेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा झारखंड में एक महीने तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान के तहत सेवा, सामाजिक सरोकार और जनभागीदारी से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने शुक्रवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में अभियान की विस्तृत जानकारी दी।
आदित्य साहू ने कहा कि पूरे देश की तरह झारखंड में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन एक उत्सव के रूप में मनाया जाएगा। 17 सितंबर को राज्य के घरों और मंदिरों में प्रधानमंत्री के दीर्घायु एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना के लिए ‘आशीर्वाद का दीप’ जलाया जाएगा। प्रत्येक संगठनात्मक मंडल के एक गांव को विशेष रूप से सजाया जाएगा और गांव के हर घर में दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इसी दिन भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से विभिन्न स्थानों पर रक्तदान शिविर भी लगाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि एक माह के दौरान चित्र सेवा, सेवा स्मरण, आंगन मिलन सेवा, कहानी बदलाव की, सेवा ज्योति यात्रा, सेवा मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान, जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट, सेवा के रंग राष्ट्र के संग, हैकाथन एवं इनोवेशन चैलेंज समेत कई कार्यक्रम आयोजित होंगे। ‘सेवा के रंग’ कार्यक्रम के तहत विभिन्न स्थानों पर रंगोली बनाई जाएगी। वहीं ‘25 साल 25 कहानियां’ कार्यक्रम में कार्यकर्ता प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन और सेवा कार्यों से जुड़ी 25 कहानियां लिखेंगे।
आदित्य साहू ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने पिछले 25 वर्षों में बिना थके और बिना रुके जनसेवा को प्राथमिकता दी है। उनके नेतृत्व में गरीब, किसान, मजदूर और वंचित वर्गों के कल्याण के लिए कई योजनाएं लागू हुई हैं। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से 2047 तक विकसित भारत बनाने के संकल्प को मजबूत किया जाएगा।
प्रेसवार्ता में प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह और मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह भी मौजूद रहे।


