उपायुक्त ने स्वास्थ्य शिविर की तैयारियों का लिया जायजाㅤ

खूँटी: उपायुक्त मो० जावेद हुसैन के निर्देशानुसार जिले के सुदूरवर्ती एवं पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से ‘स्वास्थ्य आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जा रहा है।


इसी क्रम में 08 सितंबर को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, गोविंदपुर में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर का आयोजन पूर्वाह्न 10 बजे से अपराह्न 2 बजे तक किया जाएगा।
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा चिकित्सा परामर्श एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही दंत चिकित्सा, नेत्र चिकित्सा एवं रक्तदान वाहन के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। दवा वितरण के साथ टीकाकरण, प्रसव पूर्व जांच, टीबी, मलेरिया, कुष्ठ, एनसीडी एवं सिकल सेल सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांच की सुविधा भी दी जाएगी।
इसके अलावा शिविर में आभा कार्ड एवं आयुष्मान कार्ड बनाने की सुविधा उपलब्ध रहेगी। आवश्यकतानुसार निजी अस्पतालों के विशेषज्ञ चिकित्सकों से भी स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त की जा सकेंगी।
उपायुक्त मो० जावेद हुसैन ने जिलेवासियों से अपील की है कि गोविंदपुर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोग इस स्वास्थ्य शिविर में अधिकाधिक संख्या में पहुंचकर उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं एवं जांच का लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाना है, ताकि आमजनों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूर न जाना पड़े। उल्लेखनीय है कि उपायुक्त के निर्देशानुसार माह में एक बार प्रखंड स्तर पर “स्वास्थ्य आपके द्वार” कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *