भाजपा के प्रतिनिधि मंडल ने मुख्य सचिव से की मुलाकात,छात्रों पर हुए एफआईआर वापस लेने की मांग
रांची: जेपीएससी-जेएसएससी द्वारा ली गई विभिन्न परीक्षाओं में धांधली का सीबीआई जांच एवं झारखंड के विभिन्न स्थानों में दर्ज छात्रों के मुकदमे अविलंब रद्द करने एवं दोषियों को अविलंब गिरफ्तार करने की मांग को लेकर बुधवार को भाजपा का एक प्रतिनिधि मंडल प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू एवं नेता प्रतिपक्ष बाबुलाल मरांडी के नेतृत्व में झारखंड मंत्रालय में मुख्य सचिव से मुलाकात की।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य सचिव को बताया कि जेपीएससी / जेएसएससी द्वारा झारखंड के विभिन्न परीक्षाओं में व्यापक पैमाने पर किए गए धांधली के विरोध में झारखंडी छात्रों के द्वारा लगभग एक महीने लोकतांत्रिक तरीके से शांतिपूर्ण आंदोलन किया गया था। इस दौरान और उसके बाद झारखंड के छात्रों की आवाज दबाने के लिए विभिन्न थानों में एफआईआर दर्ज की गई थी। माननीय सर्वोच्च न्यायालय ने देश के विभिन्न राज्यों में हुए छात्र आंदोलन के दौरान किए गए एफआईआर को तत्काल रद्द करने का आदेश दिया है। भारतीय जनता पार्टी, झारखंड प्रदेश वर्तमान परिस्थिति, झारखंडी छात्रों के हित में राज्य सरकार से मांग करती है।
मीडिया से बात करते हुए प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि राज्य सरकार के इशारे पर पुलिस प्रशासन ने छात्रों पर लाठीचार्ज किया और आंदोलन खत्म होने के बाद एफआईआर भी दर्ज किया गया। उन्होंने कहा कि आज सिर्फ सरकार के इशारे पर जेपीएससी के अध्यक्ष जेल में है जबकि सदस्य अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है, क्यों कि सरकार अपने लोगों को बचाना चाहती है। इसलिए भाजपा सीबीआई जांच की मांग कर रही है।
आदित्य साहू ने साफ कहा कि यदि 48 घंटे के अंदर सरकार कोई ठोस करवाई नही करती है तो भाजपा चरणबद्ध आंदोलन करेगी, जिसकी सारी जिम्मेदारी सरकार की होगी।
मुख्य मांगे
1- छात्र आंदोलन के दौरान एवं बाद में छात्रों के ऊपर राज्य के विभिन्न थानों में दर्ज एफआईआर अविलंब रद्द किया जाए।
2-झारखंड सरकार द्वारा जेपीएससी / जेएसएससी द्वारा परीक्षाओं में की गई धांधली को स्वीकार करते हुए रद्द एवं स्थगित सभी परीक्षाओं की अभिलंब सीबीआई जांच की अनुशंसा सरकार करें।
3- आयोग के अध्यक्ष की गिरफ्तारी होने के बाद अभी तक समान रूप से दोषी आयोग के सदस्यों की भी अविलंब गिरफ्तारी हो एवं जिन पदाधिकारी के मातहत कनिष्ठ कर्मचारियों की गिरफ्तारी धांधली के आरोप में हुई है वैसे पदाधिकारी की भी गिरफ्तारी करते हुए कार्रवाई की जाए।
प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य प्रसाद साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, मुख्य सचेतक नवीन जयसवाल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, राष्ट्रीय मंत्री प्रदीप वर्मा, सांसद बीड़ी राम, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, भानु प्रताप शाही, प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी, विधायक सी पी सिंह, मंजू देवी, कुशवाहा शशि भूषण मेहता, आलोक चौरसिया, रोशन लाल चौधरी, सत्येंद्र नाथ तिवारी, नीरा यादव, नागेंद्र महतो, राज सिन्हा, शत्रुघ्न महतो, रागिनी सिंह शामिल रहे।



