सड़क की बदहाली के विरोध में गड्ढों में मछली छोड़कर अनोखा प्रदर्शन
रांची: राजधानी रांची के महतो बगीचा, रामचंद्रनगर और लालगुटवा क्षेत्र में सड़क की जर्जर एवं बदहाल स्थिति से परेशान स्थानीय निवासियों ने रविवार को अनोखा सांकेतिक प्रदर्शन किया। ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों ने सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों में मछली छोड़कर प्रतीकात्मक रूप से “मछली पालन” किया। प्रदर्शन के जरिए लोगों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का ध्यान लंबे समय से बनी सड़क की समस्या की ओर आकर्षित कराया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों से सड़क की स्थिति खराब है। सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे बने हुए हैं और बारिश के दिनों में इनमें पानी भर जाने से आवागमन बेहद मुश्किल हो जाता है। कई स्थानों पर जलजमाव के कारण सड़क तालाब जैसी दिखाई देती है। इससे राहगीरों, विद्यार्थियों, महिलाओं, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सड़क की समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों को जानकारी दी गई, लेकिन अब तक मरम्मत या निर्माण को लेकर कोई ठोस पहल नहीं हुई। इसी नाराजगी को अलग अंदाज में जाहिर करने के लिए सड़क के गड्ढों में मछली छोड़ी गई। लोगों ने कहा कि जब सड़क में पानी और गड्ढे ही गड्ढे हैं, तो वह सड़क कम और मछली पालन के लिए अधिक उपयुक्त नजर आती है।
स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की कि सड़क की स्थिति का तत्काल निरीक्षण कर अविलंब मरम्मत एवं निर्माण कार्य शुरू कराया जाए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो क्षेत्र के लोग व्यापक जनआंदोलन करने को मजबूर होंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और प्रशासन की होगी।
प्रदर्शन में मोहन प्रसाद, दिलीप सिंह, राजेश महतो, सुल्लू राज यादव, संतोष महली, तरुण महली, सुजीत महली, जगदीश उरांव, नीरज सिन्हा, वीरेंद्र लोहरा उर्फ बिट्टू, दीपक सिंह, कृष्णा शर्मा, सुमित सिन्हा, अनुप प्रजापति, बृजेश सिंह, विकास कुमार, श्रीकांत भारती, राजेश वर्मा, कुलदीप वर्मा, महावीर सिंह, ललन जायसवाल, प्रभात ठाकुर, मृत्युंजय त्रिवेदी, सत्यजीत विश्वास, शंभु कुमार, गुड्डू कुमार उर्फ राज राहुल, पवन देवघरिया, संतोष प्रजापति, सुनील पाल, मनोज साहू और रंजीत राणा सहित सैकड़ों स्थानीय लोग मौजूद रहे।



