ब्लड बैंक में रक्त की कमी दूर करने को लेकर उपायुक्त ने की बैठक

खूंटी : सदर अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने को लेकर समाहरणालय सभागार में उपायुक्त मो. जावेद हुसैन की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें रेड क्रॉस सोसाइटी, समाजसेवी, एनजीओ समेत विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल हुए।
उपायुक्त ने रेड क्रॉस सोसाइटी को सक्रिय करते हुए जिले में नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित करने का निर्देश दिया। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, एनजीओ, सीआरपीएफ तथा अन्य सामाजिक संगठनों से रक्तदान अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि रक्त की जरूरत किसी भी व्यक्ति को कभी भी पड़ सकती है। ऐसे में ब्लड बैंक में पर्याप्त मात्रा में रक्त उपलब्ध रखना सामूहिक जिम्मेदारी है।
उपायुक्त ने सदर अस्पताल के ब्लड बैंक को पूरी तरह सक्रिय रखने का निर्देश दिया। साथ ही रक्त की उपलब्धता से संबंधित किसी भी समस्या के लिए निर्धारित हेल्पलाइन नंबर 9288132716 पर संपर्क सुनिश्चित कराने का निर्देश सदर अस्पताल के उपाधीक्षक-सह-प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को दिया।
बैठक के दौरान स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने और नियमित रक्तदान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले वार्ड प्रतिनिधियों, विभिन्न एनजीओ के प्रतिनिधियों, आम नागरिकों, जेएसएलपीएस समेत अन्य लोगों को प्रशस्तिपत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
उपायुक्त ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करें और इस पुनीत कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाएं। नियमित स्वैच्छिक रक्तदान से जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *