जनता दरबार में उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने सुनीं आमजनों की फरियाद

रांची : समाहरणालय में आयोजित जनता दरबार में जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से पहुंचे आमजनों ने जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के समक्ष अपनी विभिन्न समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। उपायुक्त ने प्रत्येक फरियादी की बात गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुनी तथा संबंधित पदाधिकारियों को मामलों की जांच करते हुए नियमानुसार त्वरित कार्रवाई एवं आवेदनों के निष्पादन के निर्देश दिए।

जनता दरबार में एक ऐसी फरियाद सामने आई, जिसमें मदद की उम्मीद के साथ-साथ बेहतर जिंदगी की आस भी जुड़ी थी। पैर से दिव्यांग कार्तिक खलखो ने उपायुक्त के समक्ष अपनी परेशानी रखते हुए इलेक्ट्रिक ट्राई साइकिल उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। कार्तिक ने बताया कि शारीरिक अक्षमता के कारण उन्हें चलने-फिरने और दैनिक कार्यों में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। परिवार की आर्थिक स्थिति भी कमजोर है। उनकी पत्नी घर की जिम्मेदारियों के साथ आजीविका के लिए मजदूरी करने को विवश हैं। एक ही स्थान पर रहने और आवागमन में परेशानी के कारण परिवार के सामने कई तरह की चुनौतियां बनी रहती हैं। कार्तिक की पीड़ा और आवश्यकता को समझते हुए उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने तत्काल संवेदनशीलता दिखाते हुए उन्हें इलेक्ट्रिक ट्राई साइकिल प्रदान की।

ट्राई साइकिल की चाबी सौंपे जाने के बाद कार्तिक के चेहरे पर खुशी और उम्मीद साफ दिखाई दी।

वहीं, रातू प्रखंड के बानीपीड़ी निवासी दिव्यांग ने अपना पीला राशन कार्ड रद्द किए जाने की आशंका को लेकर जनता दरबार में गुहार लगाई।

अनगड़ा प्रखंड निवासी निर्मला इंदवार ने अपनी बहन की इलाज के दौरान मृत्यु के मामले में चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप लगाते हुए संबंधित डॉक्टर के विरुद्ध मामला दर्ज करने तथा दोबारा पोस्टमार्टम कराने का अनुरोध किया। नामकुम प्रखंड से आपूर्ति निरीक्षक के पद से सेवानिवृत्त बसंत कुमार साहू भी पेंशन पुनरीक्षण से संबंधित आवेदन लेकर जनता दरबार पहुंचे। जिला परिषद सदस्य, बुण्डू द्वारा अपनी खतियानी जमीन पर बीएसएनएल द्वारा अवैध टावर लगाने की शिकायत जनता दरबार में की गयी। इसके अतिरिक्त पंजी-2 में सुधार, दोहरी जमाबंदी रद्द करने, लंबित दाखिल-खारिज, जमीन पर अवैध कब्जा तथा भू-माफियाओं द्वारा भूमि पर कब्जा किए जाने सहित राजस्व एवं भूमि संबंधी कई मामले भी सामने आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *