रातू में 570 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
रांची : रातू थाना क्षेत्र में पुलिस ने प्रतिबंधित कोडीनयुक्त कफ सिरप की बड़ी खेप बरामद करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 100 एमएल की कुल 570 बोतल कफ सिरप, पांच कार्टन और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लातेहार के बालूमाथ थाना क्षेत्र के जिपुवा मुरपा निवासी वहाजुल अंसारी, रातू के सिमलिया हाजी चौक निवासी शहनवाज अंसारी और फुटकलटोली निवासी नईम अंसारी के रूप में हुई है। नईम मूल रूप से खूंटी जिले के मेलाटांड गांव का रहने वाला है।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि रातू के फुटकलटोली बोसनगर में एक अस्पताल के पास सुनसान जगह पर प्रतिबंधित कफ सिरप की बड़ी खेप छिपाकर रखी गई है और उसे खपाने की तैयारी है। सूचना के आधार पर डीएसपी मुख्यालय-2 अजय आर्यन के नेतृत्व में टीम गठित कर मौके पर छापेमारी की गई। पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को मौके से पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे बाहरी इलाकों से प्रतिबंधित कफ सिरप मंगाकर रांची के विभिन्न क्षेत्रों में ऊंची कीमत पर बेचते थे। पुलिस को आशंका है कि इसका इस्तेमाल नशे के लिए किया जाता था और नेटवर्क के जरिए इसे युवाओं व छात्रों तक पहुंचाया जा रहा था।
इस संबंध में रातू थाना में कांड संख्या 279/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट समेत अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार भेज दिया है।
डीएसपी अजय आर्यन ने बताया कि पूछताछ के आधार पर प्रतिबंधित कफ सिरप की सप्लाई करने वाले मुख्य आरोपियों और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।


