झारखंड विधानसभा मानसून सत्र की तैयारियां पूरी, सर्वदलीय बैठक में सदन के सुचारू संचालन पर बनी सहमति

रांची: झारखंड विधानसभा के षष्ठम (मानसून) सत्र के 6 अगस्त से शुरू होने से पहले बुधवार को विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो की अध्यक्षता में विधानसभा स्थित स्पीकर कक्ष में सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन सहित सत्ता पक्ष और विपक्ष के प्रमुख नेताओं ने भाग लिया तथा आगामी सत्र के सफल, सुचारू और गरिमापूर्ण संचालन को लेकर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि विधानसभा की कार्यवाही लोकतांत्रिक परंपराओं, संसदीय मर्यादाओं और संवैधानिक मूल्यों के अनुरूप संचालित हो। विधानसभा अध्यक्ष ने सभी राजनीतिक दलों से सदन की कार्यवाही को सुचारू रूप से चलाने में सकारात्मक सहयोग देने का आग्रह किया। साथ ही जनहित से जुड़े मुद्दों पर सार्थक चर्चा सुनिश्चित करने और सदन की गरिमा बनाए रखने की अपील की गई।
सरकार की ओर से भी मानसून सत्र को लेकर अपनी रणनीति साझा की गई। माना जा रहा है कि सरकार विभिन्न विभागों से जुड़े महत्वपूर्ण विधेयकों, नीतिगत निर्णयों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर सदन में चर्चा कराएगी। वहीं विपक्ष भी राज्य के विभिन्न ज्वलंत मुद्दों को सदन में मजबूती से उठाने की तैयारी में है, जिससे इस बार का मानसून सत्र काफी हंगामेदार रहने की संभावना जताई जा रही है।
बैठक में संसदीय कार्य मंत्री राधा कृष्ण किशोर, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, विधायक प्रदीप यादव, सुरेश पासवान, अरूप चटर्जी, जयराम कुमार महतो, निर्मल महतो सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
6 अगस्त से शुरू होकर 12 अगस्त तक प्रस्तावित मानसून सत्र में सरकार और विपक्ष के बीच कई अहम मुद्दों पर तीखी बहस देखने को मिल सकती है। ऐसे में सर्वदलीय बैठक को सदन के शांतिपूर्ण और प्रभावी संचालन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *