मुरहू प्रखंड में छात्र-छात्राओं के बीच साइकिलों का वितरण, गुणवत्ता को लेकर जनप्रतिनिधियों ने उठाए सवाल
रांची: मुरहू प्रखंड परिसर में बुधवार को कल्याण विभाग, मुरहू द्वारा स्कूली छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारियों की उपस्थिति में लगभग 100 विद्यार्थियों को साइकिलें वितरित की गईं।
इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य, मुरहू के उप प्रमुख अरुण कुमार साबू, मुखिया ज्योति दोधराय, श्रीमती मरियम होरो तथा विधायक प्रतिनिधि श्री डिक्शन पूर्ति ने विद्यार्थियों को साइकिलें प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान उप प्रमुख श्री अरुण कुमार साबू ने वितरित की जा रही साइकिलों की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए प्रखंड कल्याण पदाधिकारी से पूछा कि साइकिल किस कंपनी की है तथा इसकी गुणवत्ता का प्रमाण-पत्र उपलब्ध है या नहीं। उन्होंने कहा कि प्रस्तुत साइकिलों की गुणवत्ता को लेकर वे संतुष्ट नहीं हैं। अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी साइकिलों की मजबूती एवं गुणवत्ता पर चिंता व्यक्त करते हुए पूछा कि ये साइकिलें कितने समय तक टिकाऊ साबित होंगी। इस संबंध में प्रखंड स्तर पर कोई गुणवत्ता प्रमाण-पत्र उपलब्ध नहीं कराया गया, जिससे जनप्रतिनिधियों ने पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने की मांग की।
इसी दौरान कुछ विद्यार्थियों ने उप प्रमुख को बताया कि उन्हें मिली साइकिल की स्थिति संतोषजनक नहीं है। इस पर उप प्रमुख श्री अरुण कुमार साबू ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए संबंधित अधिकारियों से खराब साइकिल को बदलकर दूसरी साइकिल उपलब्ध कराने को कहा। अधिकारियों ने तुरंत साइकिल बदलवाई, जिसके बाद बच्चे काफी खुश नजर आए और मुस्कुराते हुए अपनी नई साइकिल लेकर स्कूल के लिए रवाना हुए।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने सरकार द्वारा साइकिल उपलब्ध कराने के लिए खुशी व्यक्त की। जनप्रतिनिधियों ने भी योजना की सराहना करते हुए कहा कि भविष्य में साइकिलों की गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि विद्यार्थियों को टिकाऊ एवं बेहतर संसाधन उपलब्ध हो सकें।

