मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत रांची के 3.97 लाख लाभुकों के खातों में जुलाई की राशि हस्तांतरित
रांची: झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत रांची जिले की 3 लाख 97 हजार 213 महिला लाभुकों के बैंक खातों में जुलाई 2026 माह की सम्मान राशि का सफलतापूर्वक भुगतान कर दिया गया है। आधार आधारित डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) प्रणाली के माध्यम से प्रत्येक लाभुक के खाते में 2,500 रुपये भेजे गए हैं।
जिला प्रशासन के अनुसार, इस योजना के तहत रांची जिले में कुल 99 करोड़ 30 लाख 32 हजार 500 रुपये की राशि लाभुकों के खातों में सीधे हस्तांतरित की गई। भुगतान प्रक्रिया आधार आधारित प्रणाली से पूरी की गई, जिससे राशि सीधे लाभुकों के बैंक खातों में पहुंची।
योजना का लाभ जिले के सभी प्रखंडों एवं शहरी क्षेत्रों की पात्र महिलाओं को मिला। सबसे अधिक 31,709 लाभुक कांके प्रखंड में रहे, जबकि टाउन अर्बन क्षेत्र में 26,267, मांडर में 23,086, सिल्ली में 21,410, बेड़ो में 20,680, रातू में 20,499 तथा चान्हो में 19,427 महिलाओं के खातों में सम्मान राशि भेजी गई। इसके अलावा नगड़ी, नामकुम, ओरमांझी, बुढ़मू, तमाड़, सोनाहातू, राहे, बुंडू, इटकी, खलारी, लापुंग तथा अन्य शहरी क्षेत्रों की पात्र महिलाओं को भी योजना का लाभ मिला।
जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में राज्य सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक संबल मिल रहा है, जिससे वे अपनी दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति बेहतर ढंग से कर पा रही हैं। उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है।

