सभी प्रमंडलों में खुलेंगे ओपन जेल, सीएम हेमंत सोरेन ने भूमि चिन्हित कर प्रस्ताव देने का दिया निर्देश

रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में झारखंड राज्य सजा पुनरीक्षण पर्षद की बैठक हुई। बैठक में राज्य के विभिन्न कारागारों में आजीवन सजा काट रहे 79 कैदियों की रिहाई से जुड़े मामलों की समीक्षा की गई। गहन विचार-विमर्श के बाद 26 कैदियों की रिहाई पर सहमति बनी।
बैठक में राज्य सजा पुनरीक्षण पर्षद की ओर से अनुशंसित 37 नए मामलों के साथ पिछली बैठकों में रिहाई के लिए अस्वीकृत किए गए 42 मामलों पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री और अधिकारियों ने कैदियों की पात्रता, आचरण, कारावास की अवधि, निर्धारित मानकों और कानूनी प्रावधानों के साथ न्यायालयों, पुलिस अधीक्षकों, जेल अधीक्षकों और प्रोबेशन पदाधिकारियों के मंतव्य की भी समीक्षा की।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अधिकारियों को राज्य के सभी प्रमंडलों में ओपन जेल खोलने के लिए भूमि चिन्हित कर प्रस्ताव समर्पित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जेल से रिहाई के बाद बंदियों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और उनके पुनर्वास के लिए आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार न्याय व्यवस्था के साथ-साथ मानवीय संवेदनाओं और सुधारात्मक दृष्टिकोण को भी समान महत्व दे रही है। रिहा होने वाले व्यक्तियों के पुनर्वास, सामाजिक पुनर्स्थापन और सम्मानजनक जीवन-यापन के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का निर्देश भी अधिकारियों को दिया गया।
मुख्यमंत्री ने कारागार में रह रहे अथवा कारामुक्त हो चुके मानसिक रूप से बीमार बंदियों का डाटाबेस तैयार करने और उन्हें सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत मिलने वाले लाभ उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जेल से रिहा हुए लोगों को कानून और नियमों के अनुरूप दोबारा समाज की मुख्यधारा में शामिल होने का अवसर मिलना चाहिए।
उन्होंने कहा कि इससे उनके जीवन में नई शुरुआत का रास्ता खुलेगा और समाज में पुनर्वास एवं सामाजिक समरसता को भी मजबूती मिलेगी। राज्य सरकार न्याय, संवेदनशीलता और मानवता के संतुलित दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ रही है।
बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, डीजीपी तदाशा मिश्रा, प्रधान सचिव-सह-विधि परामर्शी नीरज कुमार श्रीवास्तव, महानिरीक्षक कारा एवं सुधारात्मक सेवाएं सुदर्शन प्रसाद मंडल, न्यायिक आयुक्त अनिल कुमार मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *