देवघर से राजकीय श्रावणी मेला 2026 का शुभारंभ, श्रद्धालुओं की सेवा और पर्यावरण संरक्षण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : मंत्री दीपिका पांडेय सिंह
देवघर: झारखंड की ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने बुधवार को झारखंड-बिहार सीमा स्थित दुम्मा बॉर्डर से राजकीय श्रावणी मेला 2026 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर झारखंड सरकार के पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, देवघर विधायक सुरेश पासवान सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं विशेष पूजन-अर्चना के साथ हुआ। इस अवसर पर मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने बाबा बैद्यनाथ से राज्य एवं देशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और निरंतर विकास की कामना की। उन्होंने कहा कि बाबा बैद्यनाथ सभी श्रद्धालुओं की मनोकामनाएँ पूर्ण करें और झारखंड पर अपनी असीम कृपा बनाए रखें।
मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार श्रावणी मेले को पिछले वर्षों की तुलना में अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित और भव्य बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पेयजल, खान-पान एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, ताकि देश-विदेश से आने वाले लाखों कांवरियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि श्रावणी मेला केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि करोड़ों शिवभक्तों की आस्था का महापर्व है। राज्य सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक श्रद्धालु सुरक्षित, व्यवस्थित और श्रद्धापूर्ण वातावरण में बाबा बैद्यनाथ का दर्शन कर सके।
इस अवसर पर मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता को लेकर भी विशेष अपील की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार प्लास्टिक मुक्त झारखंड और नशामुक्त झारखंड के अभियान को निरंतर आगे बढ़ा रही है। उन्होंने मंदिर प्रशासन, जिला प्रशासन, स्थानीय नागरिकों एवं श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि पूजा-अर्चना में प्लास्टिक के स्थान पर सखुआ के पत्तों से बने दोने-पत्तल और मिट्टी के बर्तनों का अधिकाधिक उपयोग करें, ताकि मेले के दौरान और उसके उपरांत प्लास्टिक प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ और पर्यावरण-अनुकूल श्रावणी मेला हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि प्रत्येक श्रद्धालु और नागरिक इस अभियान में अपना छोटा-सा योगदान भी देगा, तो यह आने वाली पीढ़ियों के लिए एक सकारात्मक संदेश होगा। मंत्री ने गुरु पूर्णिमा और श्रावणी मेला 2026 की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए बाबा बैद्यनाथ से सभी के सुख, स्वास्थ्य एवं समृद्धि की प्रार्थना की।


