आजसू ने जेपीएससी प्रकरण की सीबीआई से जांच कराने की मांग की
रांची: आजसू पार्टी ने 14वीं जेपीएससी संयुक्त सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा (पीटी) में कथित अनियमितताओं को लेकर परीक्षा रद्द करने और पूरे मामले की सीबीआई से जांच कराने की मांग की है। हरमू स्थित केंद्रीय कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में केंद्रीय महासचिव एवं पूर्व विधायक डॉ. लम्बोदर महतो तथा मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत ने कहा कि परीक्षा संचालन में ब्लैकलिस्टेड बताई जा रही निजी एजेंसी टीडीपीएल (TDPL) की सेवाएं लेने से भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं।
डॉ. महतो ने कहा कि जेपीएससी अध्यक्ष के इस्तीफे, आयोग कार्यालय में सीआईडी की छापेमारी और परीक्षा संचालन में निजी एजेंसी की भूमिका पूरे मामले को संदेहास्पद बनाती है। उन्होंने ओएमआर शीट सहित कई बिंदुओं पर स्पष्ट जवाब देने की मांग की। वहीं, डॉ. देवशरण भगत ने कहा कि सरकार, आयोग और परीक्षा एजेंसी की भूमिका की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि यदि किसी स्तर पर वित्तीय या प्रशासनिक अनियमितता हुई है तो दोषियों पर कार्रवाई हो सके।
आजसू नेताओं ने कहा कि अभ्यर्थियों के लगातार प्रदर्शन से स्पष्ट है कि युवाओं का आयोग से विश्वास कम हुआ है। पार्टी ने मांग की कि 14वीं जेपीएससी पीटी परीक्षा तत्काल रद्द कर सीबीआई से स्वतंत्र जांच कराई जाए। साथ ही चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो युवाओं के न्याय के लिए आंदोलन और तेज किया जाएगा।


