संवैधानिक तरीके से लड़ाई लड़ कर , देश के छात्रों को दिलाएंगे उनका हक : दीपिका पांडेय सिंह

रांची: कांग्रेस की “छात्रों की गूंज” मुहिम के तहत हरमू स्थित नवीन सरना कॉलेज छात्रावास में आयोजित विद्यार्थी संवाद” कार्यक्रम में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने छात्रों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संवैधानिक तरीके से लड़ाई लड़कर देश के छात्रों को उनका हक दिलाएगी। उनका आरोप था कि पेपर लीक की घटनाओं से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है और केंद्र सरकार इस मुद्दे पर गंभीर नहीं है।

दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्र सीमित संसाधनों में कठिन परिश्रम करते हैं, लेकिन उन्हें नियुक्ति से पहले पेपर लीक जैसी घटनाओं का सामना करना पड़ता है। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2016 से अब तक पेपर लीक के 152 मामले सामने आए हैं, जो शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए और केंद्रीय शिक्षा मंत्री को इस्तीफा देना चाहिए।

उन्होंने राहुल गांधी का उल्लेख करते हुए कहा कि वे छात्रों और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई लोकतांत्रिक तरीके से लड़ रहे हैं। कार्यक्रम में छात्रों ने भी परीक्षा प्रणाली और पेपर लीक की घटनाओं पर चिंता जताई। इस अवसर पर आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राज उरांव सहित कई कांग्रेस नेता और बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *