TRENDING NOW

राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग से प्रेरित ‘बाल तस्करी से आजादी अभियान’ का हुआ शुभारंभ

खूंटी : राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग से प्रेरित ‘बाल तस्करी से आजादी अभियान’ का शुभारंभ उपायुक्त मो० जावेद हुसैन के निर्देशानुसार जिला बाल संरक्षण इकाई, खूंटी एवं बाल कल्याण संघ के संयुक्त तत्वावधान में डीआरडीए सभागार में किया गया। 15 दिवसीय इस अभियान के तहत जिलेभर में बाल तस्करी, बाल श्रम, बाल विवाह, स्कूल ड्रॉपआउट एवं गुमशुदा बच्चों की रोकथाम को लेकर व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा कोषांग आनंद कुमार ने कहा कि बाल कल्याण संघ द्वारा खूंटी जिले में बच्चों के अधिकारों एवं संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि गांव-गांव में बाल सुरक्षा तंत्र को मजबूत करने के लिए सभी संबंधित विभागों एवं सामाजिक संगठनों के समन्वित प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने जानकारी दी कि चालू वित्तीय वर्ष में अब तक 200 बच्चों का स्पॉन्सरशिप योजना के लिए चयन किया जा चुका है तथा पात्र बच्चों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया निरंतर जारी रहेगी।

जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी मो० अल्ताफ खान ने बताया कि अभियान के दौरान प्रत्येक गांव में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। गांव से बाहर रह रहे बच्चों, स्कूल ड्रॉपआउट, बाल श्रमिक एवं गुमशुदा बच्चों की पहचान कर संबंधित विभागों के समन्वय से उनके बचाव, पुनर्वास एवं पुनः मुख्यधारा से जोड़ने की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 का व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा।

डालसा के चीफ लीगल डिफेंस काउंसिल राजीव कमल ने कहा कि तस्करी, पॉक्सो एवं अन्य मामलों में पीड़ित बच्चों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है तथा लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाता है।

बाल कल्याण संघ की स्टेट हेड शिवानी प्रिया ने बताया कि 15 दिवसीय अभियान के दौरान खेलकूद प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक, दीवार लेखन, रैली एवं जनचौपाल के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 30 जुलाई, विश्व मानव तस्करी विरोध दिवस के अवसर पर फुटबॉल एवं हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, जिसके माध्यम से युवाओं एवं बच्चों को बाल तस्करी के विरुद्ध जागरूक किया जाएगा।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, बाल संरक्षण से जुड़े कर्मी एवं स्वयंसेवक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *