बिजली सब स्टेशन डकैती कांड का फरार आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा गया

रांची (गणादेश) : पिठोरिया थाना क्षेत्र के कोल्हया-कनादु स्थित बिजली सब स्टेशन में हुई डकैती कांड के एक फरार आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार पिठोरिया थाना कांड संख्या-27/26, दिनांक 24 मार्च 2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 310 के तहत दर्ज मामले में अप्राथमिकी अभियुक्त दिनेश लोहार (38 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। वह मूल रूप से चकला अमवाटांड, महुआ टोली, थाना चंदवा, जिला लातेहार का निवासी है। वर्तमान में वह खुशबू टोली, शांति रानी स्कूल के समीप, थाना डोरंडा, जिला रांची में रह रहा था। आरोपी पर कोल्हया-कनादु स्थित बिजली सब स्टेशन में डकैती की घटना में शामिल होने का आरोप है। घटना के बाद से वह फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पिठोरिया थाना पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी। गुप्त सूचना और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर गठित पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस डकैती कांड से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *