नए सपनों के साथ संत जेवियर्स कॉलेज में सत्र 2026-30 का शुभारंभ,छात्र छात्राओं में दिखा उत्साह
रांची: संत जेवियर्स कॉलेज, रांची में मंगलवार को चार वर्षीय रेगुलर स्नातक पाठ्यक्रमों के नए सत्र 2026-30 के विद्यार्थियों के लिए भव्य ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का गर्मजोशी से स्वागत किया गया और उन्हें कॉलेज की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था से परिचित कराया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के प्राचार्य डॉ. फादर रोबर्ट प्रदीप कुजूर, एसजे एवं अन्य प्राध्यापकों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन और कॉलेज कुलगीत के साथ हुआ। स्वागत संबोधन में प्राचार्य ने वर्ष 1944 से लेकर 2026 तक कॉलेज की गौरवशाली यात्रा का उल्लेख करते हुए विभिन्न शैक्षणिक विभागों, एमओयू, कौशल विकास के लिए संचालित एड-ऑन कोर्स तथा विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कॉलेज का उद्देश्य केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना ही नहीं, बल्कि छात्रों में नैतिक मूल्यों, बौद्धिक क्षमता और आत्मनिर्भरता का विकास करना भी है।
उप-प्राचार्य डॉ. अजय अरुण मिंज, एसजे ने विद्यार्थियों को व्यक्तित्व विकास के लिए कॉलेज में उपलब्ध संसाधनों से अवगत कराया। उन्होंने अनुशासन, समय पालन, ईमानदारी, मेहनत और सामाजिक उत्तरदायित्व को एक सफल विद्यार्थी की पहचान बताया।
रजिस्ट्रार डॉ. प्रभात केनेडी सोरेंग, एसजे ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के तहत चार वर्षीय पाठ्यक्रम, कक्षा संचालन, समय-सारिणी और पाठ्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। वहीं परीक्षा नियंत्रक डॉ. सुमित रॉय ने परीक्षा प्रणाली एवं उससे जुड़े नियमों की जानकारी साझा की। कार्यक्रम के दौरान छात्रों को कॉलेज की कैंपस संस्कृति, सुरक्षा व्यवस्था, हेल्पडेस्क और अन्य छात्र सुविधाओं से भी परिचित कराया गया।
ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन एनईपी के रेगुलर पाठ्यक्रमों के लिए तीन सत्रों में किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
इस अवसर पर साइंस डीन डॉ. भारती सिंह रायपत, आर्ट्स डीन प्रो. बी.के. सिन्हा, कॉमर्स डीन डॉ. नरेंद्र सिंह, डीएसडब्ल्यू डॉ. संजय सिन्हा, विभिन्न विभागाध्यक्ष, उप परीक्षा नियंत्रक फादर संजय केरकेट्टा, एसजे, डॉ. सुशील पांडेय, बर्सर फादर रवि हेमंत कुजूर, एसजे सहित बड़ी संख्या में प्राध्यापक एवं नवप्रवेशी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


