सरायकेला पहुंचीं डीजीपी तदाशा मिश्रा, रथ यात्रा की सुरक्षा तैयारियों का लिया जायजा
रांची: झारखंड की पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा ने सरायकेला पहुंचकर भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा की सुरक्षा तैयारियों का स्थल निरीक्षण किया। उनके आगमन पर कोल्हान प्रक्षेत्र के डीआईजी अनुरंजन केस्पोट्टा, सरायकेला के उपायुक्त नितीश कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी तथा अन्य वरीय अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
सर्किट हाउस में आयोजित समीक्षा बैठक में डीजीपी ने रथ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण, संवेदनशील स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती, आपातकालीन व्यवस्था तथा संचार प्रणाली की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सभी आवश्यक इंतजाम समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के बाद डीजीपी स्वयं रथ यात्रा मार्ग पर निकलीं और पूरे रूट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बैरिकेडिंग, पुलिस पिकेट, पार्किंग व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण के उपाय तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने भगवान जगन्नाथ मंदिर पहुंचकर मंदिर परिसर और आसपास की सुरक्षा व्यवस्था का भी निरीक्षण किया।
डीजीपी तदाशा मिश्रा ने कहा कि रथ यात्रा केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक सद्भाव और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक भी है। ऐसे आयोजनों में पुलिस की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए तथा पूरी यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जाए।
उन्होंने बताया कि राज्य पुलिस मुख्यालय पूरे झारखंड में रथ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर बनाए हुए है। सभी जिलों की तैयारियों की नियमित समीक्षा की जा रही है और वरिष्ठ अधिकारियों को लगातार निरीक्षण के निर्देश दिए गए हैं।
डीजीपी ने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने, सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करने या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि झारखंड पुलिस हर परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।
सरायकेला में डीजीपी का यह दौरा इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि पहली बार झारखंड के पुलिस प्रमुख ने स्वयं रथ यात्रा की सुरक्षा तैयारियों का स्थल पर पहुंचकर निरीक्षण किया। इससे यह स्पष्ट संदेश गया है कि इस वर्ष रथ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था पर राज्य पुलिस मुख्यालय की सीधी और सतत निगरानी बनी हुई है।


