संतोष कॉलेज ऑफ टीचर्स ट्रेनिंग एंड एजुकेशन में डी.एल.एड. सत्र 2026-2028 के इंडक्शन सह ओरिएंटेशन प्रोग्राम का आयोजन

रांची :  राँची के प्रतिष्ठित शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान, संतोष कॉलेज ऑफ टीचर्स ट्रेनिंग एंड एजुकेशन, तुपुदाना में डिप्लोमा इन एलिमेंट्री एजुकेशन के नए शैक्षणिक सत्र 2026-2028 के प्रशिक्षुओं के लिए दो दिवसीय इंडक्शन सह ओरिएंटेशन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नवनामांकित छात्र-अध्यापकों को कॉलेज की संस्कृति, पाठ्यक्रम के नियमों और शिक्षण पेशे की जिम्मेदारियों से परिचित कराना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान की निदेशका डॉ. रश्मि, मुख्य अतिथि मिथिलेश पटेल, प्राचार्या डॉ. शुभ्रा ठाकुर एवं अन्य वरिष्ठ प्राध्यापकों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्थान की निदेशका डॉ. रश्मि ने सभी नए प्रशिक्षु शिक्षकों का संस्थान में आत्मीय स्वागत किया और उन्हें नए सत्र के लिए अपनी ढेरों शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने संदेश में कहा, “शिक्षक समाज का आईना होते हैं। आप सभी देश के भविष्य का निर्माण करने जा रहे हैं, इसलिए इस दो वर्ष के कार्यकाल में केवल डिग्री हासिल करने के उद्देश्य से नहीं, बल्कि एक कुशल, संवेदनशील और आदर्श शिक्षक बनने के संकल्प के साथ आगे बढ़ें। कॉलेज प्रशासन आपकी हर शैक्षणिक आवश्यकता के लिए सदैव तत्पर है।”

कॉलेज की प्राचार्या डॉ. शुभ्रा ठाकुर ने कहा कि प्राथमिक शिक्षा ही देश के भविष्य की नींव रखती है। उन्होंने प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए कहा कि इस पाठ्यक्रम के दौरान आपको बच्चों के मनोवैज्ञानिक व्यवहार को समझने का कौशल भी विकसित करना होगा।

 ओरिएंटेशन सत्र के दौरान विभाग के वरिष्ठ व्याख्याताओं द्वारा डी.एल.एड. (D.El.Ed.) पाठ्यक्रम के दो वर्षीय ढांचे, इंटर्नशिप (गाँव और स्कूलों में शिक्षण अभ्यास), आंतरिक मूल्यांकन और कॉलेज के अनुशासन नियमों के बारे में विस्तार से प्रस्तुति दी गई।

 नए विद्यार्थियों को संस्थान की आधुनिक प्रयोगशालाओं (साइकोलॉजी लैब, कंप्यूटर लैब, एजुकेशनल टेक्नोलॉजी लैब) और समृद्ध लाइब्रेरी की सुविधाओं के बारे में बताया गया ताकि वे अपनी क्षमता का पूर्ण विकास कर सकें।

  कार्यक्रम के दूसरे चरण में सीनियर सत्र के प्रशिक्षुओं द्वारा नए सहपाठियों के स्वागत में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिसमें स्वागत गीत, लोक नृत्य और प्रेरक नाटक शामिल थे।

कार्यक्रम के अंत में कॉलेज प्रशासन द्वारा नए सत्र के सभी छात्र-छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर कॉलेज के सभी शैक्षणिक व गैर-शैक्षणिक कर्मचारी और भारी संख्या में नए विद्यार्थी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *