जनता को झूठे सपने दिखाना बंद करें, निवेश और रोजगार पर सरकार जवाब दे : संदीप वर्मा
रांची: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता संदीप वर्मा ने गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जनता को झूठे सपने दिखाकर भ्रमित करने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने युवाओं को रोजगार, महिलाओं को सुरक्षा और राज्य में बड़े निवेश के वादे किए थे, लेकिन जमीनी स्तर पर इनका अपेक्षित परिणाम दिखाई नहीं देता।
संदीप वर्मा ने कहा कि हाल ही में आयोजित निवेश संबंधी स्टेकहोल्डर्स मीट में कई विभागों के मंत्री मौजूद थे, लेकिन राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर की अनुपस्थिति सरकार की गंभीरता पर सवाल खड़े करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि सरकार निवेश को लेकर गंभीर होती तो सभी संबंधित विभागों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करती।
उन्होंने मुख्यमंत्री से सात वर्षों का लेखा-जोखा सार्वजनिक करने की मांग करते हुए पूछा कि इस अवधि में राज्य में कितने बड़े उद्योग स्थापित हुए, उनसे कितने स्थायी रोजगार सृजित हुए और कितने निवेश प्रस्ताव धरातल पर उतर सके। उन्होंने कहा कि सरकार को यह भी बताना चाहिए कि पिछले वर्ष मुख्यमंत्री के स्वीडन, स्पेन, स्विट्जरलैंड और ब्रिटेन दौरे पर कितना सरकारी खर्च हुआ तथा उसके बदले झारखंड को अब तक कितना वास्तविक निवेश प्राप्त हुआ।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि यदि सरकार कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) और डिजिटल गवर्नेंस की बात करती है, तो उसे यह भी स्पष्ट करना चाहिए कि राज्य में अब तक कितने आईटी पार्क, स्टार्टअप हब, टेक्नोलॉजी सेंटर और इनोवेशन सेंटर स्थापित किए गए हैं और उनसे युवाओं को कितने रोजगार मिले हैं।
उन्होंने कहा कि पर्यटन के क्षेत्र में भी सरकार के दावे धरातल पर नहीं दिखते। प्रमुख पर्यटन स्थलों पर सड़क, पेयजल, शौचालय, आवास, सुरक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। साथ ही निवेशकों के लिए घोषित सिंगल विंडो सिस्टम की प्रभावशीलता पर भी सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि उद्योग जगत आज भी जटिल प्रक्रियाओं और देरी की शिकायत कर रहा है। प्रेस वार्ता में प्रदेश सह मीडिया प्रभारी तारिक इमरान और नीरज सिंह भी उपस्थित थे।


