गोड्डा लूटकांड पर स्वर्ण व्यवसायियों में आक्रोश, सुरक्षा की मांग को लेकर डीजीपी से मिलेगा प्रतिनिधिमंडल

गणादेश,रांची: गोड्डा के कारीगल चौक स्थित एक ज्वेलरी दुकान में हुई लूट की घटना के बाद राज्यभर के स्वर्ण व्यवसायियों में भय और आक्रोश का माहौल है। अखिल भारतीय स्वर्ण व्यवसायी संघ के अध्यक्ष गोपाल सोनी ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि झारखंड में स्वर्ण व्यवसायियों को लगातार अपराधियों द्वारा निशाना बनाया जा रहा है।

गोपाल सोनी ने कहा कि राज्य के विभिन्न जिलों से लगातार चोरी और लूट की घटनाओं की सूचनाएं मिल रही हैं। कहीं ज्वेलरी दुकानों में दिनदहाड़े हथियार के बल पर लूट हो रही है तो कहीं रात के समय दुकान का ताला तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में स्वर्ण व्यवसायियों के सामने अपने कीमती आभूषणों की सुरक्षा एक बड़ी चुनौती बन गई है।

उन्होंने राजधानी रांची के हरिहर सिंह रोड पर शाम के समय हुई लूट की घटना का भी उल्लेख करते हुए कहा कि अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। सबसे चिंताजनक बात यह है कि अधिकांश मामलों में अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हो पाती, जिससे उनका मनोबल लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि अपराधियों में पुलिस का भय समाप्त होता दिखाई दे रहा है।

गोपाल सोनी ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन से स्वर्ण व्यवसायियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि पुलिस को स्वर्ण व्यवसायियों के साथ बैठक कर ठोस सुरक्षा व्यवस्था पर निर्णय लेना चाहिए। ज्वेलरी दुकानों के लिए विशेष सुरक्षा व्यवस्था और आवश्यकतानुसार पुलिस बल की तैनाती की जाए, ताकि व्यापारी निर्भय होकर अपना व्यवसाय संचालित कर सकें।

उन्होंने बताया कि गोड्डा लूटकांड में दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और स्वर्ण व्यवसायियों की सुरक्षा को लेकर जल्द ही संघ का एक प्रतिनिधिमंडल पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपेगा। संघ ने मांग की है कि राज्यभर की ज्वेलरी दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए प्रभावी और स्थायी कदम उठाए जाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *