झारखंड–बिहार के कैंसर मरीजों को बड़ी राहत: रांची में शुरू हुआ ऑर्किड समागति कैंसर सेंटर
रांची, 5 जुलाई: देश के प्रख्यात कैंसर विशेषज्ञ पद्मश्री एवं पद्मभूषण डॉ. सुरेश एच. आडवाणी ने आज रांची स्थित ऑर्किड समागति कैंसर सेंटर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर ऑर्किड मेडिकल सेंटर के चेयरमैन डॉ. एस. सी. जैन तथा निदेशक श्री सिद्धांत जैन, श्री अनंत जैन, श्री आकाश अडुकिया एवं श्री राजकुमार अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य अतिथि, चिकित्सक एवं प्रबंधन टीम उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में डॉ. आडवाणी ने कहा कि यह केंद्र झारखंड एवं बिहार के कैंसर मरीजों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आधुनिक तकनीक एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता से मरीजों को बेहतर उपचार अपने ही राज्य में मिल सकेगा।
ऑर्किड समागति कैंसर सेंटर में मेडिकल ऑन्कोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. सतीश शर्मा के नेतृत्व में डॉ. अजय सिंघल एवं अन्य अनुभवी ऑन्कोलॉजिस्ट अपनी सेवाएं देंगे।
केंद्र में टार्गेटेड थेरेपी, कीमोथेरेपी, इम्यूनोथेरेपी, स्कैल्प कूलिंग सिस्टम, डे-केयर इन्फ्यूजन, विशेषज्ञ ऑन्कोलॉजी परामर्श तथा प्रशिक्षित नर्सिंग एवं तकनीकी स्टाफ की सुविधाएं उपलब्ध हैं। साथ ही जरूरतमंद मरीजों की सहायता हेतु विभिन्न NGOs के साथ संस्थान ने सहयोग स्थापित किया है।
संस्थान का उद्देश्य कैंसर मरीजों को एक ही स्थान पर समय पर जांच, विशेषज्ञ परामर्श एवं आधुनिक उपचार की सुविधाएं उपलब्ध कराना है।


