श्री जगन्नाथ रथ मेला–2026 की तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न

रांची : श्री जगन्नाथपुर मंदिर न्यास समिति के सदस्य कमल ठाकुर ने बताया कि ऐतिहासिक एवं विश्वविख्यात श्री जगन्नाथ रथ मेला–2026 के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर आज नीलाद्रि भवन, श्री जगन्नाथपुर मंदिर परिसर, धुर्वा में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एडीजी श्री मनोज कौशिक ने की तथा एसएसपी श्री राकेश रंजन की उपस्थिति में मेले की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में सिटी एसपी पारस राणा, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह, डीएसपी, जगन्नाथपुर थाना प्रभारी, धुर्वा थाना प्रभारी, विधानसभा थाना प्रभारी सहित पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के अलावा नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, बिजली विभाग, अग्निशमन विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारियों ने भाग लिया।

श्री जगन्नाथपुर मंदिर न्यास समिति की ओर से अध्यक्ष एन. एन. पांडेय, सचिव प्रसन्न कुमार, उपाध्यक्ष ठाकुर सुधांशु नाथ शाहदेव, सदस्य कमल ठाकुर, सदस्य गोपाल उपाध्याय तथा सदस्य लाल प्रेम नाथ शाहदेव बैठक में उपस्थित रहे। समिति के सदस्यों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल दिया।

बैठक में राँची नगर निगम की वार्ड संख्या 37 के पार्षद परमेश्वर सिंह, वार्ड संख्या 39 की पार्षद श्रीमती शीला सिंह, वार्ड संख्या 40 की पार्षद श्रीमती सुचिता रानी राय तथा वार्ड संख्या 41 की पार्षद श्रीमती नीलम चौधरी भी उपस्थित रहे। सभी जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने वार्डों में रथ मेला के दौरान स्वच्छता, यातायात, सुरक्षा एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बेहतर बनाने हेतु प्रशासन एवं मंदिर न्यास समिति को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।

इसके अतिरिक्त महावीर मंडल के पूर्व अध्यक्ष जय सिंह यादव सहित विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा गणमान्य नागरिकों ने भी बैठक में भाग लिया और रथ मेला–2026 के सफल, सुरक्षित एवं भव्य आयोजन हेतु अपने महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

बैठक में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, ट्रैफिक एवं पार्किंग व्यवस्था, ड्रोन एवं सीसीटीवी से निगरानी, मेडिकल कैंप, एम्बुलेंस, बैरिकेडिंग, खोया-पाया केंद्र, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। एडीजी श्री मनोज कौशिक ने सभी संबंधित विभागों, जनप्रतिनिधियों एवं मंदिर न्यास समिति के सदस्यों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए श्री जगन्नाथ रथ मेला–2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं भव्य रूप से संपन्न कराने का निर्देश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *