सीसीएल द्वारा रजरप्पा मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु मैट की व्यवस्था
रामगढ़ : श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सीसीएल रजरप्पा क्षेत्र द्वारा रजरप्पा मंदिर प्रांगण में आने-जाने वाले मार्गों पर विशेष मैट बिछाए गए हैं। इस पहल का उद्देश्य भीषण गर्मी के दौरान लंबी कतारों में खड़े श्रद्धालुओं को तपती जमीन से राहत प्रदान करना तथा वर्षा ऋतु में फिसलन से सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
गर्मी के मौसम में इन मैटों पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव किया जाएगा, जिससे इनकी सतह ठंडी बनी रहे और श्रद्धालुओं को नंगे पैर चलने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। वहीं, वर्षा के दौरान यही मैट फिसलन को कम कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
इस अवसर पर सीसीएल रजरप्पा क्षेत्र के महाप्रबंधक राजीव सिंह ने कहा कि रामगढ़ के उपायुक्त महोदय के सुझाव पर श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सीसीएल द्वारा इस कार्य का निष्पादन कराया गया है। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु एवं पर्यटक रजरप्पा मंदिर पहुंचते हैं और इस व्यवस्था से सभी को विशेष लाभ मिलेगा।
मंदिर परिसर में मैट बिछाने का कार्य मंदिर न्यास समिति की देखरेख में संपन्न कराया गया, ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही वाले सभी प्रमुख स्थानों पर मैट का उचित एवं प्रभावी ढंग से उपयोग सुनिश्चित किया जा सके। कार्य के दौरान सीसीएल रजरप्पा क्षेत्र के उप प्रबंधक (सामुदायिक विकास) आशीष झा भी उपस्थित थे।
श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए किए गए इस प्रयास की स्थानीय लोगों एवं मंदिर आने वाले भक्तों ने सराहना की है।


