अनुपातिक आधार पर बढ़ें सीटें, सभी वर्गों का रखा जाए ध्यान : बैद्यनाथ राम
रांची : परिसीमन को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा ने अपना रुख स्पष्ट कर दिया है। पार्टी का कहना है कि परिसीमन में यदि सभी वर्गों और श्रेणियों की सीटों में अनुपातिक आधार पर बढ़ोतरी की जाती है, तो झामुमो विधेयक का समर्थन करेगा। इस मुद्दे पर शनिवार को कांके स्थित मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में पार्टी की अहम बैठक हुई। बैठक में झामुमो के सभी सांसद शामिल हुए।
बैठक के दौरान परिसीमन विधेयक की प्रति सभी सांसदों को सौंपी गई और उसका अध्ययन करने को कहा गया।


मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि परिसीमन यदि झारखंड के हित में होगा, तो झामुमो उसका समर्थन करेगा।
बैठक के बाद राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम ने मीडिया से बातचीत में कहा कि परिसीमन के तहत सीटों की संख्या में अनुपातिक ढंग से बढ़ोतरी होनी चाहिए। लोकसभा और विधानसभा में सभी श्रेणियों की सीटें बढ़ाई जानी चाहिए। किसी एक वर्ग को ध्यान में रखकर परिसीमन नहीं होना चाहिए, बल्कि सभी वर्गों के हितों का ख्याल रखा जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि झामुमो समाज के सभी वर्गों के साथ खड़ा है और सभी के विकास का पक्षधर है। वहीं, महिला आरक्षण के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि महिलाओं को उनका हक और अधिकार मिलना चाहिए। झामुमो महिला आरक्षण का समर्थन करता है।
गौरतलब है कि परिसीमन बिल पर कांग्रेस की राय अलग ही है। झारखंड में हेमंत सोरेन की सरकार में कांग्रेस भी शामिल है। लेकिन लोकसभा और राज्यसभा में परिसीमन बिल पर किसके साथ खड़ा रहता है यह तो समय ही बताएगा।
बैठक में झामुमो सांसदों में महुआ माजी,विजय कुमार हंसदा,नलीन सोरेन,सरफराज अहमद,जोबा माझी थे।


