9 हजार करोड़ की 1,650 योजनाओं की सौगात, 2050 तक विकसित झारखंड बनाने का लक्ष्य : हेमंत सोरेन
रांची : झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के समापन और हेमंत सोरेन सरकार की दूसरी वर्षगांठ पर शनिवार को रांची के खेलगांव में भव्य समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने लगभग 9 हजार करोड़ रुपये की लागत वाली 1,650 विकास योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 26 साल का युवा झारखंड संघर्ष और अनेक उतार-चढ़ाव पार कर आज इस मुकाम तक पहुंचा है। अलग राज्य के निर्माण में भगवान बिरसा मुंडा, सिद्धू-कान्हू, नीलांबर-पीतांबर और दिशोम गुरु शिबू सोरेन सहित अनेक महापुरुषों का योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि जल, जंगल और जमीन झारखंड के लोगों के जीवन का आधार हैं। इन्हें संरक्षित कर अगली पीढ़ी को बेहतर भविष्य देना होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार गरीबी, शिक्षा और जमीनी जरूरतों को ध्यान में रखकर योजनाएं बना रही है। उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता के साथ मोबाइल और लैपटॉप उपलब्ध कराए जा रहे हैं। वहीं, कल्याण विभाग के आवासीय विद्यालयों और छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों को सरकार भोजन उपलब्ध कराएगी।
महिला सशक्तिकरण पर उन्होंने कहा कि 50 लाख से अधिक परिवारों की महिलाओं तक सम्मान राशि पहुंचाई गई है। इससे महिलाएं स्वरोजगार और छोटे व्यवसायों से जुड़ रही हैं।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से राज्य के विकास में भागीदार बनने की अपील करते हुए कहा कि वर्ष 2050 तक झारखंड को देश के विकसित और अग्रणी राज्यों की श्रेणी में खड़ा करना सरकार का लक्ष्य है।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट सेवा के लिए पुलिसकर्मियों, अधिकारियों, खिलाड़ियों, कलाकारों और मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इस दौरान ‘द झारखंड प्रिजन जर्नल 2025’ का विमोचन और फिल्म ‘अरण्य’ का टीजर भी प्रदर्शित किया गया।




