उद्योग, एमएसएमई एवं एनर्जी उप समितियों की संयुक्त बैठक

रांची: फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की उद्योग, एमएसएमई एवं एनर्जी उप समितियों की संयुक्त बैठक शुक्रवार को चैंबर भवन में हुई। बैठक में राज्य के औद्योगिक क्षेत्रों की वर्तमान स्थिति, औद्योगिक विकास को गति देने तथा उद्योगों के समक्ष आ रही समस्याओं के समाधान के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में झारखंड चैंबर द्वारा राज्य के विभिन्न इंडस्ट्रियल एरिया का चरणबद्ध दौरा करने की योजना पर विमर्श किया गया। इस दौरान उद्योग निदेशक से आवश्यक समन्वय एवं सहयोग प्राप्त करने तथा औद्योगिक क्षेत्रों के दौरे के लिए विभागीय स्तर पर पहल करने पर चर्चा हुई। साथ ही प्रदेश के उद्योगों को प्रभावित करनेवाले प्रमुख मुद्दों को संकलित कर उद्योग सचिव के समक्ष रखने तथा उनके समाधान हेतु आवश्यक पहल करने पर भी सहमति बनी। सदस्यों ने इंडस्ट्रियल एरिया में इंफ्रास्ट्रक्चर की स्थिति का आकलन कर औद्योगिक विकास को और सुदृढ़ बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

कार्यकारिणी सदस्य व इंडस्ट्री उप समिति की चेयरपर्सन ज्योति कुमारी ने कहा कि राज्य में औद्योगिक विकास की संभावनाओं को देखते हुए इंडस्ट्रियल एरिया की जमीनी समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना जरुरी है। हमारा प्रयास रहेगा कि राज्य के इंडस्ट्रियल एरिया का चरणबद्ध दौरा करके स्थानीय समस्याओं को उद्योग विभाग के साथ बेहतर समन्वय से समाधान की पहल की जाय।

चैंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल ने कहा कि झारखंड में उद्योगों के विस्तार एवं नए निवेश को आकर्षित करने के लिए अनुकूल औद्योगिक वातावरण तैयार करना जरूरी है। इंडस्ट्रियल एरिया में आधारभूत सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण, विभागीय समन्वय और उद्यमियों की समस्याओं का त्वरित समाधान औद्योगिक विकास की प्राथमिकता होनी चाहिए। झारखण्ड चैंबर उद्योग जगत और सरकार के बीच प्रभावी सेतु के रूप में काम करते हुए राज्य के औद्योगिक विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।

उपाध्यक्ष विकास विजयवर्गीय और उपाध्यक्ष रोहित पोद्दार ने कहा कि राज्य में औद्योगिक विकास के लिए उद्योग, एमएसएमई और ऊर्जा क्षेत्र की समस्याओं का आपसी समन्वय से समाधान जरूरी है। झारखण्ड चैंबर इन विषयों पर संबंधित विभागों के साथ निरंतर संवाद स्थापित कर उद्यमियों की समस्याओं के समाधान का प्रयास करेगा। सह सचिव पूजा ढाढा ने कहा कि फेडरेशन चैम्बर का प्रयास रहेगा कि छोटे उद्यमियों को उचित मार्गदर्शन एवं सहयोग मिले, ताकि वे अपने व्यवसाय का विस्तार कर राज्य की अर्थव्यवस्था में अधिक योगदान दे सकें

एनर्जी उप समिति के चेयरमैन अजय भंडारी ने नेट मीटरिंग की प्रक्रिया को सरल एवं समयबद्ध बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया। यह कहा कि वर्तमान में नेट मीटरिंग के आवेदनों पर एनओसी मिलने में कई-कई महीने लग जाते हैं, जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी होती है। प्राइवेट इलेक्ट्रिक सप्लाई प्रोवाइडर से कनेक्शन लेने के लिए आवश्यक एनओसी की प्रक्रिया ऑनलाइन करने तथा उस पर निर्णय के लिए निश्चित समय-सीमा निर्धारित करने की मांग की गई। सदस्य बिनोद तुलस्यान और शशांक भरद्वाज ने यह सुझाया कि डीवीसी द्वारा घरेलू उपभोक्ताओं को भी बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने की सुविधा दी जानी चाहिए। वर्तमान में डीवीसी मुख्यतः वाणिज्यिक उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति कर रहा है। घरेलू उपभोक्ताओं को भी यह विकल्प मिलने से जेबीवीएनएल पर बिजली आपूर्ति का भार कम करने में मदद मिल सकती है। पूर्व अध्यक्ष दीपक मारु ने राज्य के सिंगल विंडो सिस्टम को प्रभावी बनाने पर जोर दिया।

एमएसएमई उप समिति की बैठक में प्रदेश के एमएसएमई के समक्ष वर्तमान में आ रही चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में उद्यमियों को वित्तीय संसाधनों की उपलब्धता, बैंक ऋण, कच्चे माल की लागत, बाजार तक पहुंच, तकनीकी उन्नयन एवं आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं पर विचार-विमर्श हुआ। साथ ही, केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा एमएसएमई के लिए संचालित विभिन्न नीतियों एवं योजनाओं की जानकारी उद्यमियों तक प्रभावी रूप से पहुंचाने तथा योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया को सरल बनाने की आवश्यकता बताई गई। उप समिति चेयरपर्सन नीतू कुमारी ने ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को और प्रभावी बनाने, अनावश्यक प्रक्रियागत जटिलताओं को कम करने तथा विभिन्न विभागों से संबंधित अनुमतियों एवं नियामकीय प्रक्रियाओं में सुधार पर जोर दिया।
बैठक में चैम्बर अध्यक्ष तुलसी पटेल, उपाध्यक्ष विकास विजयवर्गीय, उपाध्यक्ष रोहित पोद्दार, सह सचिव पूजा ढाढा, कार्यकारिणी सदस्य ज्योति कुमारी, राम बांगड़, मुकेश अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष दीपक कुमार मारू, एनर्जी उप समिति चेयरमैन अजय भंडारी, एमएसएमई उप समिति चेयरपर्सन नीतू कुमारी, सदस्य विजय कुमार, कविता प्रभात, आनंदेश्वर, अंजय पचेरिवाल, बिनोद तुलस्यान, कार्तिक प्रभात, शशांक भरद्वाज, सुदीप चक्रबर्ती, अलोक सिंह, प्रमोद सारस्वत, नीलेश छावनीका, एसके अग्रवाल, अलोक गेरा, अजातशत्रु, सुमित कक्कड़ सहित अन्य कई सदस्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *