कुष्ठ रोग उन्मूलन को लेकर राज्य स्तरीय समन्वय बैठक, घर-घर अभियान एवं जनजागरूकता पर जोर

रांची: अपर मुख्य सचिव, स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग, अजय कुमार सिंह के निर्देश पर राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम के तहत राज्य स्तरीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक श्री शशि प्रकाश झा ने की। बैठक में राज्य कुष्ठ निवारण पदाधिकारी डॉ. श्याम सुंदर पासवान, विश्व स्वास्थ्य संगठन के प्रतिनिधि श्री अभिषेक एवं डॉ. रंजीत तथा पंचायती राज विभाग एवं स्कूल शिक्षा विभाग के पदाधिकारी उपस्थित थे। बैठक में राज्य में कुष्ठ रोग की वर्तमान स्थिति, रोगियों की पहचान, उपचार, जागरूकता अभियान एवं आगामी कुष्ठ रोगी खोज अभियान की तैयारियों की समीक्षा की गई।

बैठक में बताया गया कि कुष्ठ रोग एक दीर्घकालिक संक्रमण है, जिसका समय पर पता लगाना और उपचार करना अत्यंत आवश्यक है। रोग की पहचान एवं उपचार में देरी होने पर नसों, त्वचा, आंखों एवं अन्य अंगों को नुकसान पहुंच सकता है तथा दिव्यांगता की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। इसलिए घर-घर जाकर लोगों की जांच, संदिग्ध मरीजों की पहचान एवं समय पर उपचार सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। राज्य में राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम के तहत अप्रैल से अक्टूबर 2026 तक 3,131 नए कुष्ठ रोगियों की पहचान की गई, जबकि 5,572 मरीज उपचाररत थे। इस अवधि में 169 बाल कुष्ठ रोगियों की भी पहचान की गई है।

बैठक में कुष्ठ रोगी खोज अभियान के तहत घर-घर सर्वेक्षण की रणनीति पर चर्चा की गई। अभियान के तहत सहिया एवं पुरुष स्वयंसेवकों की टीम गठित कर प्रत्येक घर में जाकर लोगों की जांच एवं संदिग्ध मरीजों की पहचान की जाएगी। सर्वेक्षण कार्य की निगरानी सुपरवाइजरों द्वारा की जाएगी तथा अभियान के दौरान प्राप्त सूचनाओं का नियमित संकलन एवं रिपोर्टिंग सुनिश्चित की जाएगी। अभियान की प्रभावी निगरानी के लिए राज्य, जिला, प्रखंड एवं ग्राम स्तर पर समन्वय व्यवस्था मजबूत करने पर बल दिया गया।

कुष्ठ रोग उन्मूलन अभियान में पंचायती राज एवं स्कूल शिक्षा विभाग की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए पंचायत प्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी कर्मियों एवं शिक्षकों के माध्यम से जागरूकता गतिविधियां संचालित करने पर जोर दिया गया। स्कूलों एवं समुदायों में कुष्ठ रोग के लक्षण, उपचार की उपलब्धता तथा रोग से जुड़े सामाजिक भेदभाव एवं भ्रांतियों को दूर करने के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान में समुदाय की सहभागिता बढ़ाने, रोगियों के प्रति सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने तथा समय पर उपचार के लिए प्रेरित करने की रणनीति पर चर्चा की गई।

प्रस्तुत कार्ययोजना के अनुसार आगामी कुष्ठ रोगी खोज अभियान 9 दिसंबर से 23 दिसंबर 2026 तक संचालित करने का प्रस्ताव है। इसके पूर्व जिला एवं प्रखंड स्तर पर समन्वय बैठकें, सर्वेक्षण टीमों का प्रशिक्षण, सहिया, पुरुष स्वयंसेवकों, आंगनबाड़ी कर्मियों एवं शिक्षकों का प्रशिक्षण तथा व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। अभियान के दौरान माइकिंग, जनसंपर्क एवं अन्य सूचना, शिक्षा और संचार गतिविधियों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा। अभियान के बाद जिलों से रिपोर्ट संकलित कर राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर भेजी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *