स्थापना दिवस समारोह को लेकर प्रशासन अलर्ट, खेलगांव में दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग

रांची : झारखंड राज्य स्थापना दिवस-2026 एवं हेमंत सोरेन सरकार की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर खेलगांव में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। समारोह को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को कार्यक्रम स्थल पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई। इसमें उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और एसएसपी राकेश रंजन ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि बड़े राजकीय समारोह का सफल आयोजन सभी अधिकारियों और कर्मियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारी पूरी गंभीरता और आपसी समन्वय के साथ अपनी ड्यूटी निभाएं। उन्होंने कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त मोबाइल टॉयलेट, स्पष्ट साइनेज, भोजन और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही फ्लेकार्ड के माध्यम से लोगों तक जरूरी सूचनाएं पहुंचाने को कहा।
वहीं, एसएसपी राकेश रंजन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी पुलिस पदाधिकारियों को निर्धारित समय पर ड्यूटी स्थल पर पहुंचने, वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग और यातायात सुचारू रखने को कहा। प्रवेश द्वारों पर सघन जांच और फ्रिस्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए प्रतिबंधित एवं आपत्तिजनक वस्तुओं को समारोह स्थल पर ले जाने से रोकने को कहा।
अधिकारियों ने अतिथियों और आम नागरिकों के साथ शालीन एवं सहयोगात्मक व्यवहार करने पर भी जोर दिया। ब्रीफिंग के दौरान एडीएम धनंजय ने संयुक्तादेश में निर्धारित अधिकारियों के दायित्वों और ड्यूटी से संबंधित जानकारी दी।
इस मौके पर एसपी सिटी पारस राणा, एसपी ग्रामीण गौरव गोस्वामी, डीडीसी संजय कुमार भगत समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और प्रतिनियुक्त पुलिसकर्मी मौजूद थे। जिला प्रशासन ने आम लोगों से समारोह के दौरान जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *