विशेष सत्र से पहले सीएम हेमंत सोरेन ने विधायकों और सांसदों को जूम मीटिंग के माध्यम से एमएमडीआर और एसआईआर पर समझाया
रांची : झारखंड विधानसभा के 25 और 26 नवंबर को होने वाले दो दिवसीय विशेष सत्र में एमएमडीआर और एसआईआर के मुद्दे पर सत्ता पक्ष केंद्र सरकार को घेरने की तैयारी में है। इन दोनों मुद्दों को लेकर राज्य की हेमंत सोरेन सरकार ने अपना रुख स्पष्ट कर दिया है। विशेष सत्र में एक दिन एमएमडीआर और दूसरे दिन एसआईआर पर चर्चा होगी। बहस के बाद विधानसभा से प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को भेजा जाएगा।
विशेष सत्र की रणनीति तैयार करने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार शाम गठबंधन के सांसदों, विधायकों और मंत्रियों के साथ ऑनलाइन बैठक की। बैठक में एमएमडीआर के प्रावधानों और एसआईआर की प्रक्रिया से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने गठबंधन के जनप्रतिनिधियों को एमएमडीआर के संभावित प्रभावों से अवगत कराते हुए कहा कि इसके लागू होने से झारखंड को बड़ा नुकसान हो सकता है। राज्य के हितों के साथ-साथ यहां संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं पर भी इसका प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है।
बैठक में राज्य सरकार के अधिकारी भी शामिल हुए। उन्होंने प्रेजेंटेशन के माध्यम से एमएमडीआर और एसआईआर से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। एसआईआर के दौरान सामने आ रही त्रुटियों और व्यावहारिक कठिनाइयों पर भी मुख्यमंत्री ने अपनी बात रखी।
बैठक में तय किया गया कि विशेष सत्र के दौरान दोनों मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। सत्ता पक्ष एमएमडीआर के प्रावधानों का विरोध करते हुए केंद्र सरकार से पुनर्विचार की मांग करेगा। वहीं, एसआईआर की प्रक्रिया में सामने आई खामियों को भी सदन के माध्यम से केंद्र के समक्ष रखा जाएगा।
इंडिया गठबंधन के सांसदों का कहना है कि एमएमडीआर के प्रावधान झारखंड के हितों को प्रभावित कर सकते हैं। ऐसे में विधानसभा में इस पर चर्चा कर केंद्र सरकार को राज्य की चिंताओं से अवगत कराना जरूरी है। गठबंधन को उम्मीद है कि विधानसभा से प्रस्ताव पारित होने के बाद केंद्र सरकार इस मामले में पुनर्विचार करेगी।

