झारखंड में कार्डियोलॉजी सेवाओं का होगा विस्तार
रांची:झारखंड में हृदय रोगियों को बेहतर और समय पर इलाज उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी पहल की है। राज्य में कार्डियोलॉजी सेवाओं का विस्तार हब एंड स्पोक मॉडल के तहत ग्रामीण क्षेत्रों तक किया जाएगा। इसके लिए 100 करोड़ रुपये का बजट देने की योजना है। इस संबंध में आयोजित कॉन्फ्रेंस में STEMI प्रोग्राम भी लॉन्च किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह शामिल हुए। रिम्स के कार्डियोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. हेमंत नारायण को इस कार्यक्रम का नोडल ऑफिसर बनाया गया है।प्रस्तावित योजना के तहत राज्य के मेडिकल कॉलेजों और कैथलैब व एंजियोग्राफी की सुविधा वाले अस्पतालों को हब के रूप में विकसित किया जाएगा, जबकि जिला और परिधीय अस्पताल स्पोक के रूप में काम करेंगे। इन अस्पतालों को हब से जोड़ा जाएगा, ताकि जरूरत पड़ने पर परिधीय अस्पतालों के डॉक्टर विशेषज्ञ चिकित्सकों से सीधे संपर्क कर सकें और मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराया जा सके।अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने कहा कि तमिलनाडु जैसे राज्यों में STEMI हार्ट अटैक के मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के लिए हब एंड स्पोक मॉडल संचालित किया जा रहा है। हालांकि, झारखंड की परिस्थितियां तमिलनाडु से अलग हैं। यहां डॉक्टरों और विशेषज्ञ चिकित्सकों की भारी कमी है। उन्होंने कहा कि नेशनल एवरेज के अनुसार प्रति एक हजार की आबादी पर एक डॉक्टर होना चाहिए, जबकि झारखंड में करीब चार करोड़ की आबादी पर लगभग 13 हजार डॉक्टर ही उपलब्ध हैं।उन्होंने कहा कि राज्य में डॉक्टरों की कमी के साथ उनकी तैनाती भी बड़ी चुनौती है। कई डॉक्टर दुर्गम और ग्रामीण क्षेत्रों में काम नहीं करना चाहते और रांची तथा धनबाद जैसे शहरों में ही काम करना पसंद करते हैं। इसके अलावा स्पेशलिस्ट और सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की भी कमी है। हालांकि, पिछले कुछ वर्षों में मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में सीटों की संख्या करीब तीन गुना बढ़ी है। विशेषज्ञ और सुपर स्पेशलिस्ट चिकित्सकों की संख्या बढ़ाने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं।अजय कुमार सिंह ने कहा कि सरकार हब एंड स्पोक मॉडल के जरिए स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करना चाहती है। इसी आधार पर राज्य में टेली आईसीयू, टेली रेडियोलॉजी और एसएनसीयू जैसी सेवाएं संचालित की जा रही हैं, जिनके अच्छे परिणाम मिले हैं। आने वाले समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से भी स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाया जाएगा।उन्होंने बताया कि फिलहाल रिम्स में कार्डियोलॉजी विभाग उपलब्ध है, लेकिन निकट भविष्य में राज्य के अन्य स्थानों पर भी कार्डियोलॉजी विभाग शुरू किए जाएंगे। इस योजना के लिए फंडिंग की कोई समस्या नहीं होगी। जितनी राशि की आवश्यकता होगी, विभाग उसकी व्यवस्था करेगा। उन्होंने तमिलनाडु के अनुभवों को उपयोगी बताते हुए कहा कि वहां के विशेषज्ञों को झारखंड बुलाकर इलाज की व्यवस्था विकसित करने और यहां के डॉक्टरों को प्रशिक्षित करने की दिशा में भी काम किया जाएगा।विशेषज्ञों के अनुसार, हार्ट अटैक के मामलों में समय पर उपचार बेहद महत्वपूर्ण है। खासकर STEMI हार्ट अटैक में शुरुआती दो घंटे मरीज के लिए काफी अहम होते हैं। इस दौरान उचित उपचार नहीं मिलने पर मरीज की स्थिति गंभीर हो सकती है। ग्रामीण क्षेत्रों में कार्डियोलॉजी विशेषज्ञों और जरूरी सुविधाओं की कमी के कारण मरीजों को बड़े अस्पतालों तक पहुंचने में देरी होती है। नई व्यवस्था के तहत स्पोक अस्पतालों के डॉक्टर मेडिकल कॉलेजों के विशेषज्ञों से संपर्क कर सकेंगे और मरीज को तत्काल जरूरी दवाएं व उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।तमिलनाडु, कर्नाटक, महाराष्ट्र और गोवा में संचालित हब एंड स्पोक मॉडल के अनुभवों के आधार पर झारखंड में भी इस व्यवस्था को लागू करने की तैयारी है। सरकार का लक्ष्य है कि हार्ट अटैक के मरीजों को इलाज के लिए बड़े शहरों तक पहुंचने का इंतजार न करना पड़े और ग्रामीण क्षेत्रों में भी समय पर जीवनरक्षक उपचार उपलब्ध हो सके।

