एचईसी को दिवालिया घोषित किए जाने के फैसले के खिलाफ प्रबंधन अब ऊपरी अदालतों का दरवाजा खटखटाएगा
रांची: एचईसी को दिवालिया घोषित किए जाने के फैसले के खिलाफ प्रबंधन अब ऊपरी अदालतों का दरवाजा खटखटाएगा। सीएमडी केएस मूर्ति समेत पांच निदेशकों के प्रशासनिक और वित्तीय अधिकार सीज किए जाने के बाद प्रबंधन ने एनसीएलटी के आदेश को नेशनल कंपनी लॉ अपीलेट ट्रिब्यूनल (एनसीएलएटी) में चुनौती देने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए जरूरी कागजात तैयार किए जा रहे हैं। जरूरत पड़ने पर एचईसी प्रबंधन सुप्रीम कोर्ट भी जा सकता है।इधर, शुक्रवार को एनसीएलटी द्वारा नियुक्त नए प्रशासक एस. गोपालकृष्णन के एचईसी मुख्यालय पहुंचने पर कामगारों का आक्रोश फूट पड़ा। कर्मचारियों ने मुख्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया और प्रशासक को घेरकर अपनी मांगें रखीं। प्रदर्शन का नेतृत्व इंटक नेता लीलाधर सिंह ने किया, जबकि सभा की अध्यक्षता राम कुमार नायक ने की।इस दौरान प्रशासक ने 15 दिनों के अग्रिम वेतन भुगतान का प्रस्ताव दिया, जिसे सभी श्रमिक संगठनों ने खारिज कर दिया। कामगारों का 32 माह का वेतन बकाया है। एचईसी मजदूर संघ के महामंत्री रमाशंकर प्रसाद और एचईसी श्रमिक संघ के अध्यक्ष सन्नी सिंह ने वेतन का जल्द निपटारा न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। इस प्रदर्शन में हटिया लोक मंच के विमल महली, एचईसी लिमिटेड श्रमिक कर्मचारी यूनियन के प्रकाश कुमार, जनता मजदूर यूनियन के एसजे मुखर्जी, हटिया प्रोजेक्ट वर्कर्स यूनियन के गिरीश चौहान, हटिया मजदूर यूनियन के हरेन्द्र सिंह और भवन सिंह आदि शामिल हुए। लीलाधर सिंह ने बताया कि शनिवार को भी दोपहर एक बजे एचईसी मुख्यालय के सामने जोरदार प्रदर्शन किया जाएगा।



