समाहरणालय में स्वैच्छिक रक्तदान एवं निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन
खूंटी समाहरणालय भवन में सदर अस्पताल द्वारा स्वैच्छिक रक्तदान शिविर एवं सेंटर फॉर साइट संस्था के सहयोग से निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त मो० जावेद हुसैन ने किया। इस दौरान उपायुक्त ने स्वयं रक्तदान कर आमजनों एवं उपस्थित पदाधिकारियों-कर्मियों को रक्तदान के प्रति जागरूक होने तथा इस पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि रक्तदान महादान है। हमारे द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन देने में सहायक हो सकता है। रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है, इसलिए जरूरत के समय रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए स्वैच्छिक रक्तदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि रक्तदान को लेकर समाज में व्याप्त भ्रांतियों को दूर करने और अधिक से अधिक लोगों को इसके लिए प्रेरित करने की आवश्यकता है। स्वस्थ व्यक्ति को नियमित अंतराल पर स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों से अपील की कि वे स्वयं जागरूक बनें और अपने आसपास के लोगों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित करें।
उपायुक्त ने नेत्र जांच शिविर के आयोजन को लेकर भी कहा कि आंखें हमारे जीवन का महत्वपूर्ण अंग हैं। बेहतर स्वास्थ्य के लिए समय-समय पर नेत्र जांच कराना आवश्यक है। ऐसे शिविरों के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्वास्थ्य के प्रति जागरूक भी किया जा सकता है।
शिविर में समाहरणालय के विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वैच्छिक रक्तदान किया। सभी को प्रशस्तिपत्र प्रदान किया गया। वहीं, Centre for Sight संस्था के विशेषज्ञों एवं चिकित्सकीय टीम द्वारा आयोजित निःशुल्क नेत्र जांच शिविर में भी पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने अपनी आंखों की जांच कराई।
इस अवसर पर सिविल सर्जन, चिकित्सक, स्वास्थ्य कर्मी, सेंटर फॉर साइट संस्था के प्रतिनिधि सहित समाहरणालय के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।



