100 राम भक्तों ने देखा ‘हनुमान अंश’, सामूहिक हनुमान चालीसा का किया पाठ
रांची: सामाजिक कार्यकर्ता सुमित दुबे एवं सामाजिक कार्यकर्ता तथा बजरंग दल (बिरसा नगर) के संयोजक अभय कुमार के नेतृत्व में करीब 100 राम भक्तों को निःशुल्क फिल्म ‘हनुमान अंश’ दिखाई गई। राम भक्तों के लिए सुजाता पिक्चर पैलेस में विशेष रूप से हॉल बुक किया गया था। सभी ने एक साथ फिल्म का आनंद लिया।
आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और राम भक्तों को नीम करौली बाबा के जीवन, उनकी भक्ति, साहस और सनातन संस्कृति से जोड़ना था। फिल्म देखने के दौरान राम भक्तों में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम को धार्मिक और सांस्कृतिक माहौल देने के लिए हॉल में सभी लोगों ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ भी किया।
सामूहिक पाठ के दौरान पूरा हॉल भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा। राम भक्तों ने श्रद्धा और उत्साह के साथ हनुमान चालीसा का पाठ किया। आयोजकों ने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को भारतीय संस्कृति, धार्मिक मूल्यों और सनातन परंपराओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
सुमित दुबे और अभय कुमार ने कहा कि भगवान श्रीराम और हनुमान जी के आदर्श युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। ऐसे आयोजनों के जरिए समाज में उनके आदर्शों, संस्कारों और सेवा भावना के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास लगातार जारी रहेगा।


