बीमा क्लेम के लिए सनहा लेना पड़ा महंगा, थाना प्रभारी ने मांगी ₹5 हजार रिश्वत; एसीबी ने सहयोगी को रंगेहाथ दबोचा

धनबाद। मधुबन थाना में बीमा क्लेम के लिए सनहा लेने पहुंचे एक व्यक्ति से 5 हजार रुपये रिश्वत मांगने के मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी), धनबाद ने कार्रवाई की है। एसीबी की टीम ने थाना प्रभारी के निर्देश पर रिश्वत की रकम लेते विक्रम कुमार चौधरी को रंगेहाथ गिरफ्तार किया। मामले में मधुबन थाना प्रभारी दिपेश कुमार को प्राथमिकी अभियुक्त बनाया गया है।

स्कार्पियो दुर्घटना से जुड़ा है मामला: परिवादी की स्कार्पियो (जेएच-15के-4933) 19 जुलाई 2026 को चैनपुर में दुर्घटनाग्रस्त होकर क्षतिग्रस्त हो गई थी। हादसे में किसी के जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं थी। बीमा क्लेम के लिए टाटा एआईजी इंश्योरेंस कंपनी ने थाना से लिखित सनहा मांगा था।

सनहा के एवज में मांगी रिश्वत: आरोप है कि सनहा देने के एवज में थाना प्रभारी दिपेश कुमार ने 5 हजार रुपये की मांग की। परिवादी ने इसकी शिकायत एसीबी धनबाद के पुलिस अधीक्षक से की। सत्यापन में रिश्वत मांगने की बात सही पाए जाने के बाद एसीबी ने कार्रवाई की।

थाना प्रभारी के कक्ष में हुई गिरफ्तारी: एसीबी के अनुसार, थाना प्रभारी के निर्देश पर विक्रम कुमार चौधरी ने थाना प्रभारी के कक्ष में परिवादी से 5 हजार रुपये लिये। इसी दौरान दंडाधिकारी और दो स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में एसीबी टीम ने उसे रिश्वत की रकम के साथ गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *