रांची के एचईसी क्षेत्र में लगातार दूसरे दिन भी अतिक्रमण हटाओ अभियान जारी,लोगों का भारी विरोध
रांची : राजधानी रांची के एचईसी क्षेत्र में लगातार दूसरे दिन भी जिला प्रशासन और रांची नगर निगम की टीम द्वारा भारी सुरक्षा बल के साथ अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई के विरोध में स्थानीय विस्थापित और आक्रोशित लोग सड़कों पर उतर आए, जिसके कारण बिरसा चौक-हरमू बाईपास रोड पर स्थित डीपीएस चौक के समीप जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई. इस जाम में स्कूल बसों समेत सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन घंटों फंस गए हैं.
कल शुरू हुई कार्रवाई के बाद बुधवार को भी जैसे ही निगम के बुलडोजर और पुलिस बल एचईसी की सीमा के भीतर बने अवैध निर्माणों को ध्वस्त करने पहुंचे, लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. महिलाओं, पुरुषों और बच्चों समेत सैकड़ों लोग सड़कों पर बैठ गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे. आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने बाईपास रोड को पूरी तरह से ब्लॉक कर दिया. इसके चलते वाहनों की लंबी कतारें लग गई. जाम में फंसी कई स्कूल बसों के कारण बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर तैनात पुलिस बल को जाम हटाने के लिए प्रयास कर रहे हैं.


