तैलिक साहू सभा ने मनाया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 76वां जन्मदिन
रांची: झारखंड तैलिक साहू सभा की रांची जिला कमेटी की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 76वां जन्मदिन हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मोरहाबादी स्थित होटल पार्क प्राइम में आयोजित कार्यक्रम में समाज के लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर के समक्ष केक काटा और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जन्मदिन की बधाई दी। उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री के स्वस्थ, दीर्घायु एवं सफल जीवन की कामना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए झारखंड तैलिक साहू सभा के प्रदेश अध्यक्ष महेश महतो ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास, जनकल्याण और विभिन्न क्षेत्रों में कई महत्वपूर्ण पहल हुई हैं। उन्होंने कहा कि देश विकास के पथ पर इसी तरह निरंतर आगे बढ़ता रहे, यही समाज की कामना है। उन्होंने प्रधानमंत्री के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की।
प्रदेश महामंत्री मदन कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तेली समाज के लिए गौरव का विषय हैं। उन्होंने कहा कि समाज के लोगों को प्रधानमंत्री के कार्यों पर गर्व है और सभी उनके उत्तम स्वास्थ्य तथा निरंतर जनसेवा की कामना करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान झारखंड तैलिक साहू सभा के सदस्यों ने देश की एकता, सामाजिक समरसता और राष्ट्रहित में सकारात्मक योगदान देने का संकल्प भी लिया।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष महेश महतो, प्रदेश महामंत्री मदन कुमार, हरिनाथ साहू, राजकिशोर साहू, युवा जिला अध्यक्ष निरंजन साहू, डॉ. दानिश्वर साहू, विजय साहू, संजय साहू, मनीष साहू, लक्ष्मी साहू, रौशन, रूपलाल, मनोज सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता एवं समाज के गणमान्य लोग उपस्थित थे।


