तमाड़ विधानसभा में सांसद कालीचरण मुंडा का जनता दरबार, 45 आवेदन प्राप्त
रांची : तमाड़ विधानसभा क्षेत्र की जनसमस्याओं एवं विकास से जुड़े मुद्दों को लेकर खूंटी लोकसभा सांसद श्री कालीचरण मुंडा की विशेष बैठक एवं जनता दरबार आज तमाड़ फॉरेस्ट गेस्ट हाउस में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता तमाड़ प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष संजय सेठ ने की।
जनता दरबार में तमाड़ विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों के मुखिया, जनप्रतिनिधि, कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता एवं आम नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित हुए। सभी ने अपनी-अपनी पंचायत एवं क्षेत्र की समस्याओं को सांसद के समक्ष रखा। इस दौरान सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
जनता दरबार में कुल 45 आवेदन प्राप्त हुए। विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं स्थानीय लोगों ने भी आवेदन देकर अपनी समस्याओं से सांसद को अवगत कराया। सांसद श्री कालीचरण मुंडा ने कई मामलों पर तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर बातचीत की तथा समस्याओं के शीघ्र निष्पादन के निर्देश दिए।
बैठक में सालगाडीह से बांकू तक लगभग 20 किलोमीटर लंबी नहर की जर्जर स्थिति का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। यह नहर तमाड़ प्रखंड के किसानों के लिए सिंचाई का महत्वपूर्ण साधन है। नहर के जीर्णोद्धार एवं किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
सांसद श्री कालीचरण मुंडा ने कहा कि किसानों की समस्याओं को किसी भी हाल में नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। नहर के जीर्णोद्धार के लिए आवश्यक पहल की जाएगी तथा संबंधित विभाग के साथ समन्वय कर इसके समाधान की दिशा में हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
सांसद ने तमाड़ एवं बुंडू प्रखंड के अधिकारियों से क्षेत्र का भ्रमण कर जमीनी समस्याओं की जानकारी लेने तथा प्राथमिकता के आधार पर उनके समाधान की दिशा में कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने कहा कि जनता की समस्या कांग्रेस की प्राथमिकता है और क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयास जारी रहेगा।
बैठक में जिला सांसद प्रतिनिधि अजय साहू, नईमुद्दीन अंसारी, तमाड़ प्रखंड अध्यक्ष संजय सेठ, बुंडू प्रखंड अध्यक्ष मनोहर महतो, मंडल अध्यक्ष खगेश चंद्र महतो, तमाड़ सांसद प्रतिनिधि अशोक महतो, पूर्णचंद्र मुंडा, अनुमंडल सांसद प्रतिनिधि अड़की प्रकाश मुंडा, कयूम अंसारी, अमित सिन्हा, युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव विनीत सिंह, विकास कुमार दास, रोहिणा सेठ, रोशन कामती, नेपाल महतो, बिरेन योगी, उदय मुंडा, नंदा नायक, अनिमा मलिक, चंदन गुप्ता, सुदामा साहु, चमरा रवानी सहित अनेक कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


