एफजेसीसीआई चुनाव में टीम तुलसी पटेल ने मारी बाजी, 21 में 13 सदस्य निर्वाचित
रांची: फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (एफजेसीसीआई) का चुनाव रविवार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। मतदान समाप्त होने के बाद शाम छह बजे मतगणना शुरू हुई और करीब साढ़े सात बजे चुनाव परिणाम की घोषणा कर दी गई। चुनाव अधिकारी पवन शर्मा और अंचल किंकर ने परिणाम घोषित किया। चुनाव में कुल 21 कार्यकारिणी सदस्यों के लिए मतदान हुआ, जिसमें टीम तुलसी पटेल ने स्पष्ट बढ़त हासिल की। टीम तुलसी पटेल के 13 सदस्य निर्वाचित हुए, जबकि टीम मुकेश अग्रवाल के आठ प्रत्याशी जीत दर्ज करने में सफल रहे।

हालांकि व्यक्तिगत रूप से सबसे अधिक वोट मुकेश अग्रवाल को मिले, लेकिन कार्यकारिणी में तुलसी पटेल समर्थित प्रत्याशियों की संख्या अधिक होने के कारण टीम तुलसी पटेल की स्थिति मजबूत हो गई है। ऐसे में अब एफजेसीसीआई के नए अध्यक्ष के रूप में तुलसी पटेल की ताजपोशी लगभग तय मानी जा रही है।
चुनाव परिणाम सामने आने के बाद तुलसी पटेल ने कहा कि चुनाव के दौरान व्यापारियों से किए गए सभी वादों को पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि झारखंड के व्यापारियों के हितों में काम करना उनकी टीम का मुख्य उद्देश्य होगा। व्यापारियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा और उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।
एफजेसीसीआई चुनाव में कुल करीब 4200 मतदाता थे, जिनमें लगभग 2700 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस तरह करीब 70 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक चला। चुनाव में झारखंड के विभिन्न जिलों से व्यापारी और चैंबर प्रतिनिधि रांची पहुंचे और मतदान किया।
इस चुनाव में तीन टीमों ने अपनी किस्मत आजमाई थी। इनमें टीम तुलसी पटेल, टीम मुकेश अग्रवाल और पी-21 टीम शामिल थी। परिणाम आने के बाद टीम तुलसी पटेल खेमे में उत्साह का माहौल है।
FJCCI चुनाव में विजयी सदस्यों को मिले इतने वोट
फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (FJCCI) के सत्र 2026-27 के चुनाव में 21 कार्यकारिणी सदस्यों का चुनाव परिणाम रविवार की शाम घोषित किया गया। चुनाव में मुकेश कुमार अग्रवाल ने सर्वाधिक 1827 वोट हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं डॉ. अभिषेक कुमार रामदीन 1742 वोट के साथ दूसरे और प्रवीण लोहिया 1725 वोट के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
निर्वाचित 21 सदस्यों को मिले वोट इस प्रकार हैं—
मुकेश कुमार अग्रवाल — 1827 वोट
डॉ. अभिषेक कुमार रामदीन — 1742 वोट
प्रवीण लोहिया — 1725 वोट
तुलसी पटेल — 1622 वोट
विनीता सिंघानिया — 1597 वोट
ज्योति कुमारी — 1535 वोट
राम बांगर — 1506 वोट
मनीष जैन — 1497 वोट
नवजोत अलंग — 1469 वोट
निधि झुनझुनवाला — 1450 वोट
आस्था किरण — 1441 वोट
अमित अग्रवाल — 1424 वोट
राहुल साहू — 1418 वोट
रोहित पोद्दार — 1384 वोट
अनिल अग्रवाल — 1360 वोट
अमित शर्मा — 1348 वोट
रोहित अग्रवाल — 1347 वोट
अमित किशोर अग्रवाल — 1344 वोट
विकास विजयवर्गीय — 1305 वोट
मोनिका गोयंका — 1300 वोट
पूजा धाधा — 1288 वोट
‘यह चैंबर के हर सदस्य की जीत है’: तुलसी पटेल
टीम तुलसी की जीत के बाद टीम के कप्तान तुलसी पटेल ने सभी चैंबर सदस्यों के प्रति आभार जताया।
छह प्रमंडलों के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष चुने गए
चुनाव पदाधिकारी ने तीन प्रमंडलों के क्षेत्रीय उपाध्यक्षों के निर्विरोध चयन की भी घोषणा की। इनमें कोयलांचल प्रमंडल से अमरजीत सिंह सलूजा, कोल्हान प्रमंडल से विजय आनंद मूंका और नॉर्थ छोटानागपुर प्रमंडल से विनय कुमार अग्रवाल निर्विरोध चुने गए।
वहीं, रविवार को 21 कार्यकारिणी सदस्यों के साथ पलामू, साउथ छोटानागपुर और संताल परगना प्रमंडल के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष पद के लिए भी चुनाव हुआ। इसमें पलामू से अमित कुमार जायसवाल, साउथ छोटानागपुर से दामोदर कुमार कसेरा और संताल परगना प्रमंडल से आकाश पांडेय क्षेत्रीय उपाध्यक्ष चुने गए।


