जेडआरयूसीसी सदस्य अरुण जोशी ने पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक को ज्ञापन सौंपा
रांची: जेडआरयूसीसी सदस्य अरुण जोशी ने शुक्रवार को दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक अनिल मिश्रा से मिलकर रांची समेत झारखण्ड में रेल सुविधा बढ़ाने के लिए मांग पत्र सौंपा। सुझाव में मुख्यतः रांची आनंद विहार टर्मिनल का विस्तार जयपुर तक, तिरुनेलवेली पुरुलिया का विस्तार रांची तक, हटिया सांकी पैसेंजर का विस्तार हजारीबाग टाउन तक, हटिया दुर्ग स्पेशल का विस्तार इतवारी (नागपुर) तक करने के साथ रांची हावड़ा रांची वंदे भारत, हावड़ा राउरकेला वंदे भारत का ठहराव घाटशिला स्टेशन पर करने की मांग शामिल है।
मुलाकात के क्रम में जोशी ने रांची, टाटा और हजारीबाग टाउन को जोड़नेवाली नमो भारत रैपिड रेल सेवा शुरू करने की भी मांग को प्रमुखता से रखा। कुछ अन्य मांग के क्रम में रांची नई दिल्ली एसी स्पेशल ट्रेन के मार्ग में परिवर्तन, टाटानगर-धनबाद स्वर्णरेखा एक्सप्रेस की समय सारणी की समीक्षा करने की बात भी कही। वार्ता के क्रम में उन्होंने चक्रधरपुर डिवीजन में प्रायः सभी ट्रेनों के लगातार विलंब से चलने से यात्रियों को होनेवाली असुविधा पर ध्यान दिलाते हुए कार्रवाई का आग्रह किया। दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक श्री अनिल मिश्रा ने यात्री हित में श्री जोशी द्वारा दिए गए सभी सुझावों पर उपयुक्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया। मुलाकात के क्रम में रेल फैंस शशांक स्वाइन भी मौजूद थे।



