मुरहू प्रखंड के कस्तूरबा बालिका विद्यालय में मनाया गया कृमि दिवस, छात्राओं को दी गई अलबेंडाजोल की खुराक

खूंटी : मुरहू प्रखंड स्थित प्रधानमंत्री कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में सोमवार को कृमि दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की सभी छात्राओं को आंतों के हानिकारक कीड़ों से बचाव के लिए अलबेंडाजोल की गोली खिलाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रखंड के उप प्रमुख अरुण साबू ने किया।

इस मौके पर छात्राओं को संबोधित करते हुए उप प्रमुख अरुण साबू ने कहा कि पेट में भोजन के साथ अक्सर कृमि पनप जाते हैं, जो शरीर की पोषण शक्ति को कम करते हैं और बच्चों की सेहत पर नकारात्मक प्रभाव डालते हैं। उन्होंने बच्चियों को समझाया कि समय-समय पर अलबेंडाजोल जैसी दवाओं का सेवन करने से इन कृमियों से बचाव संभव है।

प्रखंड सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. आसुतोष तिग्गा ने भी बच्चियों को कृमि निवारण की महत्ता बताई। उन्होंने कहा कि अलबेंडाजोल की गोली पेट की पाचन क्रिया को खराब होने से बचाती है और शरीर को स्वस्थ बनाए रखती है। डॉक्टर तिग्गा ने स्वच्छता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि साफ-सफाई और समय पर दवा दोनों ही बच्चों को बीमारियों से दूर रखते हैं।

कृमि दिवस कार्यक्रम की शुरुआत में सबसे पहले उप प्रमुख अरुण साबू ने स्वयं अलबेंडाजोल की गोली खाकर जागरूकता का संदेश दिया। इसके बाद विद्यालय के शिक्षकगण, उपस्थित चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी भी इस दवा का सेवन कर बच्चियों को भरोसा दिलाया। तत्पश्चात सभी छात्राओं को क्रमबद्ध तरीके से दवा की खुराक दी गई।

कार्यक्रम में बच्चियों ने खुशी-खुशी हिस्सा लिया और एक स्वर में कहा कि समय-समय पर मुरहू प्रखंड के जनप्रतिनिधियों और स्वास्थ्य विभाग की ओर से इस तरह के स्वास्थ्य कैंप आयोजित किए जाते हैं, जिससे वे सुरक्षित और स्वस्थ रहती हैं।

कृमि दिवस के इस आयोजन में विद्यालय के शिक्षक, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित थीं। अंत में उप प्रमुख और डॉक्टरों ने सभी छात्राओं से स्वच्छता की आदत अपनाने और नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *