किश्तों में घोषणा पत्र जारी करने वाली भाजपा सरकार क्या चलाएगी : कांग्रेस

रांची : किश्तों में घोषणा पत्र जारी करने वाली भाजपा सरकार क्या चलाएगी। जो भाजपा एक बार में घोषणा पत्र जारी नहीं कर सकती वह झारखंड में सरकार बनाने का सपना देख रही है।

भाजपा द्वारा जारी पांच बिंदुओं के घोषणा पत्र पर तंज करते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सोनाल शांति ने कहा कि भाजपा द्वारा गठबंधन सरकार को गिराने और बदनाम करने की हर कोशिश की गई,पूरे झारखंड में घूम कर पहले जहरीले एजेंडे तैयार किए गए और उन एजेंडो को झारखंडी जनता के दिमाग में भरने की कोशिश की गई परंतु इसमें भाजपा नेतृत्व विफल रहा।  परिवर्तन यात्रा के माध्यम से  भाजपा के दर्जनों केंद्रीय मंत्री, मुख्यमंत्री, गृहमंत्री के विफल होने के बाद दो-दो बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बुलाकर घोषणाएं कराई गई परंतु बावजूद इसके जनता के दिल दिमाग में किसी भी तरह का परिवर्तन न होने को भाजपा नेताओं ने भांप लिया है, यही वजह है कि मुद्दों के अभाव में भाजपा एक साथ अपना घोषणा पत्र भी तैयार नहीं कर पाई।

 उन्होंने कहा कि भाजपा का यह घोषणा पत्र नहीं प्रपंच पत्र है, जिसके सहारे सत्ता हथियाने का षड्यंत्र और प्रपंच रचने का खेल उसने शुरू कर दिया है। महागठबंधन सरकार में मईंया सम्मान योजना के तहत महिलाओं को राशि मिल रही है, सत्ता में वापसी पर सरकार इसमें वृद्धि की बात पहले ही घोषित कर चुकी है।झारखंड की जनता से केंद्र सरकार ने 8 लाख प्रधानमंत्री आवास योजना छीन लिया था,जिसके कारण झारखंड सरकार ने अपने स्तर से अबुआ आवास योजना प्रारंभ किया, इस योजना के तहत लाखों आवास का निर्माण जारी है। मोदी सरकार प्रतिवर्ष दो करोड़ रोजगार, अन्य राज्यों में ₹500 में सिलेंडर और युवाओं को भत्ता के नाम पर पहले भी ठग चुकी है और अब झारखंडी जनता इन झांसों में आने वाली नहीं है उसे महागठबंधन सरकार के विकास के कार्यों पर भरोसा है।

 भाजपा का यह घोषणा पत्र चुनाव से पहले उनकी रणनीतिक और मानसिक हार है और महागठबंधन सरकार की नैतिक जीत। बीजेपी के करतूत की पोल किश्तो में खुलेगी यही इस घोषणा पत्र से जाहिर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *