वार्ड-34 में अरुण कुमार झा की बाइक रैली, समर्थन में मांगे वोट

रांची: नगर निकाय चुनाव के अंतिम चरण में प्रचार अभियान तेज हो गया है। प्रत्याशी मतदाताओं तक पहुंचने के लिए लगातार जनसंपर्क कर रहे हैं। इसी क्रम में वार्ड-34 से प्रत्याशी अरुण कुमार झा (चुनाव चिन्ह – बल्ला छाप) ने बुधवार को अपने क्षेत्र में बाइक रैली निकालकर लोगों से समर्थन में वोट देने की अपील की।
बाइक रैली की शुरुआत विद्यानगर स्थित उनके चुनाव कार्यालय से हुई। रैली बढ़ई मोहल्ला, पहाड़ टोली, बाजरा हेहल अंचल, गंगानगर और कर्मचौक सहित कई इलाकों से गुजरते हुए पुनः चुनाव कार्यालय पहुंची। इस दौरान सैकड़ों कार्यकर्ता और समर्थक बाइक पर सवार होकर रैली में शामिल हुए। समर्थकों ने पूरे रास्ते अरुण कुमार झा के पक्ष में नारेबाजी की और लोगों से उनके चुनाव चिन्ह ‘बल्ला छाप’ पर मतदान करने का आग्रह किया।
रैली के दौरान प्रत्याशी ने वार्ड के विकास को अपनी प्राथमिकता बताते हुए कहा कि क्षेत्र में सड़क, नाली, स्वच्छता और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि जनता का सहयोग मिला तो वार्ड-34 को आदर्श वार्ड बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।
रैली में शामिल कार्यकर्ता अरुण कुमार झा के पोस्टर प्रिंट वाली टी-शर्ट पहने हुए थे, जिससे पूरे क्षेत्र में चुनावी माहौल बना रहा। इस बाइक रैली के जरिए समर्थकों ने वार्ड-34 में अपने प्रत्याशी के पक्ष में माहौल मजबूत करने का प्रयास किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *