भागलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज कैंपस की हिंसा ने किया असर, प्राचार्य का तबादला
भागलपुर। गत 12 सितंबर की रात, जब इंजीनियरिंग कॉलेज भागलपुर के हॉस्टल में मारपीट की एक गंभीर घटना ने पूरे कैंपस का माहौल झकझोर दिया- तब शायद किसी ने नहीं सोचा था कि इसका असर कॉलेज के सर्वोच्च प्रशासनिक पद तक पहुंचेगा। लेकिन अब सरकार ने चुप्पी तोड़ दी है।बिहार सरकार के विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग ने प्राचार्य डॉ. ओम प्रकाश राय का तबादला कर दिया है। उन्हें अब तारामंडल-सह-विज्ञान संस्थान, दरभंगा में प्रतिनियुक्त किया गया है।अब कॉलेज की जिम्मेदारी सौंपी गई है डॉ. राजू मृदुलांजलि को जो सुपौल स्थित राजकीय अभियांत्रिकी महाविद्यालय के प्राचार्य हैं। उन्हें भागलपुर बीसीई (BCE) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।मालूम हो कि कॉलेज के हॉस्टल में पुराने विवाद को लेकर दो छात्रों पर जानलेवा हमला हुआ था।घटना के बाद स्थिति इतनी तनावपूर्ण हुई कि कॉलेज प्रशासन को कड़ी कार्रवाई करनी पड़ी। पश्चात कार्रवाई में 10 छात्र निलंबित, 28 छात्रों पर ब्लैक डॉट और जुर्माना सहित कई छात्रों को कैंपस छोड़ने तक के आदेश मिले। छात्रावासों में सन्नाटा पसरा और कॉलेज की प्रतिष्ठा सवालों में आ गई।बताया गया कि इस तबादले के साथ सरकार ने एक कड़ा संकेत दिया है कि छात्रों की सुरक्षा और अनुशासन से कोई समझौता नहीं। अब देखना ये होगा कि नई प्राचार्य के नेतृत्व में भागलपुर इंजीनियरिंग कॉलेज एक बार फिर विवाद से विकास की ओर लौट पाएगा।



