एसबीआई एटीएम में फेवीक्विक लगाकर कार्ड फंसाने का प्रयास, सतर्कता से बची ठगी
राँची: रातू निवासी राजेश कुमार पांडे को शनिवार शाम करीब 5:45 बजे रुपये की आवश्यकता होने पर उन्होंने अपने पुत्र अमन पांडे को रातू कांठीटाड़ स्थित एसबीआई एटीएम से पैसे निकालने भेजा। अमन ने जैसे ही अपना केनरा बैंक, कमड़े शाखा का एटीएम कार्ड मशीन में डाला, कार्ड स्लॉट में ही फंस गया।बताया जाता है कि अज्ञात ठगों ने पहले से ही एटीएम के कार्ड स्लॉट में फेवीक्विक लगाकर कार्ड फंसाने की साजिश रची थी, ताकि बाद में कार्ड निकालकर उसका दुरुपयोग किया जा सके। हालांकि अमन पांडे ने सूझबूझ का परिचय देते हुए किसी अज्ञात व्यक्ति की मदद नहीं ली और तत्काल इसकी सूचना रातू थाना एवं साइबर हेल्पलाइन को दी। समय रहते सूचना मिलने से किसी प्रकार की आर्थिक क्षति नहीं हुई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। वहीं लोगों से अपील की गई है कि यदि किसी एटीएम में कार्ड फंस जाए या कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत बैंक, पुलिस और साइबर हेल्पलाइन को सूचना दें तथा किसी अनजान व्यक्ति के झांसे में न आएं।


