भागलपुर स्टेशन पर वंदे भारत एक्सप्रेस दो मिनट रुकेगी, कई पैसेंजर ट्रेनों के समय में होगा बदलाव
भागलपुर। ट्रेन संख्या 22309/10 हावड़ा-भागलपुर वंदे भारत एक्सप्रेस को जमालपुर तक विस्तारित किए जाने के बाद इसके परिचालन समय में भी बदलाव किया जाएगा। इसके साथ ही ट्रेन की संचालन दूरी 386 किलोमीटर से बढ़कर 439 किलोमीटर हो जाएगी।जमालपुर तक विस्तार के बाद यह ट्रेन हावड़ा से सुबह 7:45 बजे चलेगी और पहले की अपेक्षा 35 मिनट पहले, यानी दोपहर 1:15 बजे भागलपुर पहुंचेगी (पहले समय 1:50 बजे था)। भागलपुर में यह ट्रेन दो मिनट रुकेगी और 1:17 बजे रवाना होकर 2:15 बजे जमालपुर पहुंचेगी, जहां यह 75 मिनट रुकेगी।दोपहर 3:30 बजे जमालपुर से वापसी यात्रा शुरू करेगी और शाम 4:22 बजे भागलपुर पहुंचेगी। दो मिनट रुककर 4:24 बजे यहां से रवाना होगी और रात 10:05 बजे हावड़ा पहुंचेगी। वर्तमान में यह ट्रेन भागलपुर में एक घंटा रुकती है।वंदे भारत के समय में बदलाव के साथ-साथ भागलपुर-दुमका-जमालपुर रेलखंड में चलने वाली कई पैसेंजर ट्रेनों के समय में भी परिवर्तन होगा। इनमें भागलपुर-हंसडीहा पैसेंजर, भागलपुर-जमालपुर पैसेंजर, देवघर-जमालपुर (भागलपुर होकर चलने वाली) तथा हंसडीहा-जमालपुर पैसेंजर शामिल हैं।रेलवे अधिकारियों के अनुसार, वंदे भारत एक्सप्रेस की नई समय सारणी कब से लागू होगी, यह अभी तय नहीं हुआ है। नई समय सारणी में आगे और भी बदलाव संभव हैं।ज्ञात हो कि यह ट्रेन शुक्रवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलती है। यह ट्रेन सिर्फ 50 सेकंड में 100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ सकती है। इससे पहले भी इसके संचालन समय में बदलाव किया जा चुका है।पहले यह ट्रेन दोपहर 2:20 बजे भागलपुर पहुंचती थी और 3:20 बजे वहां से रवाना होती थी। पिछले छह महीनों में दो बार इसके समय में बदलाव किया जा चुका है।



