डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय के राजनीतिक सफर पर प्रकाशित पुस्तक “सफर” केंद्रीय मंत्री ने किया लोकार्पण

गणादेश ब्यूरो,रांची: राजधानी रांची के कोकर स्थित ग्रैंड होटल में रविवार को आगाज’ के तृतीय संस्करण का उद्घाटन केंद्रीय रक्षा राज्य रक्षा मंत्री संजय सेठ ने किया।

उनके साथ पद्मश्री सम्मानित मुकुंद नायक, रांची विधानसभा के विधायक सीपी सिंह, महिला प्रदेश अध्यक्ष आरती सिंह, पूर्व राज्यसभा सांसद अजय मारू, और पूर्व राज्यसभा सांसद महेश पोद्दार उपस्थित रहे।
इस अवसर पर निवर्तमान उप महापौर संजीव विजयवर्गीय के राजनीतिक सफर को संजोते हुए उनकी पुस्तक “सफर” का विमोचन मुख्य अतिथियों के द्वारा किया गया। साथ ही संजीव विजयवर्गीय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हर घर तिरंगा अभियान के तहत कार्यक्रम में आए सभी अतिथियों को तिरंगे वितरित किए।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर और गणेश वंदना से हुआ। ‘आगाज’ का यह आयोजन, जो तीन साल पहले संजीव विजयवर्गीय द्वारा प्रारंभ किया गया था, अब रांची के सांस्कृतिक परिदृश्य में एक महत्वपूर्ण स्थान रखता है। इस वर्ष के संस्करण में बच्चों और महिलाओं द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया।
मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे आयोजन शहर में होते रहने चाहिए, क्योंकि ये बच्चों और युवाओं की कलात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करते हैं। कार्यक्रम के आयोजक संजीव विजयवर्गीय ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं और महिलाओं को एक ऐसा मंच प्रदान करना है, जहां वे अपनी अद्वितीय प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें। यह मेरे 31 वर्षों का सफर है।
उन्होंने कहा कि आगाज 2022 में शुरू हुआ। बच्चों की प्रतिभा को निखारने और महिलाओं को सशक्त कर आगे बढ़ाना उद्देश्य रहा है। लगातार तीन वर्षों से इस कार्यक्रम में महिलाओं और बच्चों को जोड़ने का काम कर रहे हैं। यही कारण है कि 12सदस्यों से बनी संस्था आज सवा सौ सदस्य बन गए। इस संस्था से सभी समुदाय के लोग जुड़े हुए हैं।
कार्यक्रम में सावन क्वीन और फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। वहीं रंग-बिरंगे परिधानों में रैंप वॉक, और बॉलीवुड, नागपुरी, खोरठा गीतों पर शानदार नृत्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके अतिरिक्त, डांस (ग्रुप और सोलो), पेंटिंग प्रतियोगिता, और महिलाओं के लिए म्यूजिकल चेयर जैसी प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
इस आयोजन ने रांची के सांस्कृतिक जीवन में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया, जिससे यह कार्यक्रम शहरवासियों के बीच अत्यधिक सराहना का पात्र बन गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *