द विश फाउंडेशन का द्वितीय वार्षिक समारोह भव्यता और उत्साह के साथ संपन्न
रांची : सिंधवार टोली बस्ती में द विश फाउंडेशन द्वारा आयोजित द्वितीय वार्षिक समारोह रविवार को अत्यंत हर्षोल्लास, ऊर्जा और सामुदायिक सहभागिता के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, अभिभावक और गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे, जिससे आयोजन की गरिमा और बढ़ गई।
समारोह की मुख्य अतिथि वार्ड पार्षद बसंती लकड़ा रहीं। विशिष्ट अतिथियों के रूप में प्रसिद्ध समाजसेविका एवं पूर्व मिसेज झारखंड खुशी काकन, कोटक महिंद्रा म्यूचुअल फंड के झारखंड क्लस्टर हेड कौशिक मजूमदार, पूर्व मिसेज झारखंड अग्रता कश्यप तथा डॉ. अपूर्वा बरियार ने अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। अतिथियों ने बच्चों के आत्मविश्वास, प्रतिभा और मंचीय प्रस्तुति की सराहना करते हुए संस्था के प्रयासों को प्रेरणादायक बताया।
कार्यक्रम का आकर्षण फाउंडेशन से जुड़े बच्चों की रंगारंग प्रस्तुतियां रहीं। नृत्य, गीत और प्रेरणादायक भाषणों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। विशेष रूप से आयोजित फैशन शो में बालिकाओं ने आत्मविश्वास और गरिमा के साथ रैंप वॉक कर उपस्थित जनसमूह की खूब तालियां बटोरीं। बच्चों की प्रस्तुतियों ने यह संदेश दिया कि सही मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर प्रतिभा निखरकर सामने आती है।
द विश फाउंडेशन शिक्षा के क्षेत्र में सतत कार्य करने के साथ-साथ वंचित वर्गों के लिए समय-समय पर स्वास्थ्य जांच एवं उपचार शिविरों का भी आयोजन करती रही है। समारोह की सफलता में संस्था की पूरी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अध्यक्ष निखिता अग्रवाल, सचिव राखी झा, कोषाध्यक्ष अनिता कुमारी सहित सभी सदस्यों ने समन्वय और समर्पण से आयोजन को सफल बनाया।
समारोह के समापन पर संस्था ने भविष्य में भी समाज के वंचित बच्चों के सर्वांगीण विकास हेतु अपने प्रयासों को और सशक्त करने का संकल्प दोहराया।




